
पाक ने 200 तीर्थयात्रियों को दिया वीजा
पाकिस्तान स्थित श्री कटासराज मंदिर जाने का रास्ता साफ हो गया है। सर्जिकल स्ट्राइक के बाद पाकिस्तान ने यह धार्मिक यात्रा पर रोक लगा दी थी। छह साल में पाकिस्तान ने तीसरी बार श्री कटासराज मंदिर जाने की इजाजत दी है। बता दें कि 1974 के भारत-पाक समझौते के तहत हर वर्ष 200 हिंदू तीर्थयात्रियों को इस यात्रा की अनुमति है। वहीं यात्रा का आयोजन वर्ष में दो बार किया जा सकता है। सर्जिकल स्ट्राइक के बाद पाकिस्तान ने कटासराज की यात्रा की परमिशन नहीं दी थी। केन्द्रीय सनातन धर्मसभा की तरफ से लगातार भारत और पाकिस्तान सरकार से यात्रा बहाल करने का आग्रह किया जाता रहा है। करतारपुर कॉरिडोर खोले जाने के बाद आस जगी और अब पाकिस्तान ने वीजा जारी कर दिया। इस बार यात्रा में हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, बिहार, उत्तरप्रदेश, उत्तराखंड, गुजरात, छतीसगढ, महाराष्ट्र, आंधप्रदेश, मध्यप्रदेश, कर्नाटक, पश्चिम बंगाल आदि प्रांतों के तीर्थयात्री शामिल हो रहे है। इसमें यमुनानगर के 20 लोग शामिल हैं।