
गर्भनिरोधक बाल से मिलेगी अनचाहे गर्भ से मुक्ति
अनचाहे गर्भ से छुटकारा पाने के लिए ब्रिटिश विशेषज्ञों ने नई गर्भनिरोधक बॉल का आविष्कार किया है। इसे ब्रिटिश महिलाओं ने तमाम प्रचलित उपायों की अपेक्षा इसे अधिक कारगर और सुविधाजनक पाया है। विशेषज्ञों का दावा है कि गर्भनिरोध का यह तरीका दस साल तक कारगर रहेगा। ब्रिटिश प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉक्टर इलन बरम का कहना है कि नए तरीके के इस्तेमाल से गर्भाशय में होने वाली परेशानियों से भी निजात मिल सकेगी। गेंद जैसी दिखने वाली यह तकनीक हार्मोन रहित है। डॉ. बरम ने इसे बॉलेरीन नाम दिया है। चार साल तक चले शुरुआती प्रयोग में बॉलेरीन का इस्तेमाल यूरोप, इजरायल और अफ्रीका की 14000 महिलाओं में किया गया। इस दौरान न सिर्फ उन्हें कम दर्द महसूस हुआ बल्कि रक्तस्राव भी न के बराबर हुआ। इसके अलावा इस तकनीक से उनका जीवन तनावमुक्त हुआ, जिससे उनके स्वास्थ्य में भी सुधार हुआ। इस तकनीक का क्लीनिकल ट्रायल पूर्वी यूरोप में किया गया। इसकी सफलता की सबसे बड़ी वजह विशेषज्ञ इसके आकार और बनावट को बता रहे हैं। दरअसल, गेंद के आकार का यह उपकरण निटिनोल का बना है जो बेहद लचीला होता है। इसे धारण करने में महिलाओं को दिक्कत नहीं होती है। इसका का इस्तेमाल कोरोनरी स्टेंट बनाने में भी किया जाता है। इसे लगाने में भी 15 मिनट से अधिक समय नहीं लगता है।