
डेढ़ करोड़ डॉलर कर्ज से श्रीलंका खरीदेगा भारत से 500 बसें
। भारत अपने पडोसी देश श्रीलंका के साथ हमेशा से मददगार रहा है। श्रीलंका सरकार ने इसी के मद्देनजर भारत से 500 बसें खरीदने का फैसला किया है। श्रीलंका इन बसों की खरीद भारत से मिली ऋण सहायता के जरिये करेगा। अधिकारियों ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी। मंत्रिमंडल द्वारा इस सप्ताह मंजूर एक ज्ञापन के अनुसार, ये बस श्रीलंका परिवहन बोर्ड के लिये खरीदी जा रही हैं और इससे सार्वजनिक परिवहन को मजबूती मिलेगी। ज्ञापन में कहा गया, ‘भारत से मिली ऋण सहायता से 50-54 सीटों वाली 400 बस और 32-35 सीटों वाली 100 बस खरीदने को मंत्रिमंडल ने मंजूरी दी है।’ श्रीलंका के नये राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे कार्यकाल संभालने के बाद अपनी पहली विदेश यात्रा पर नवंबर 2019 में भारत गये थे। उनकी तीन दिवसीय यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्रीलंका को 45 करोड़ डॉलर की ऋण सहायता देने की घोषणा की थी। इसमें पांच करोड़ डालर आतंकवाद से लड़ने के लिये भी दिए गए।