
पाकिस्तान में हिंदू समुदाय की बेटी ने रचा इतिहास, बनी पहली महिला सिविल जज
पाकिस्तान में अल्पसंख्यक समुदाय की सुमन पवन बोडानी अपने समुदाय की पहली महिला जज बनने का गौरव हासिल किया है। वह सिंध प्रांत के ग्रामीण शाहदादकोट की रहने वाली हैं। सुमन ने सिविल जज की मैरिट लिस्ट में 54 स्थान हासिल किया है। ग्रामीण इलाके से आने के बावजूद भी सुमन ने अपनी मेहनत और लगन से यहा मुकाम हासिल किया। सुमन की इस उपलब्धि से परिवार काफी खुश है।
सुमन ने हैदराबाद से एलएलबी की पढ़ाई की। इसके बाद वह एलएलएम करने के लिए कराची चली गईं। वहां शहीद जुल्फीकार अली भुट्टो इंस्टिट्यूट ऑफ साइंस ऐंड टेक्नोलॉजी से एलएलएम किया। इसके बाद एक लॉ फर्म में उन्होंने दो साल प्रैक्टिस की। बता दें कि पाकिस्तान में हिंदू समुदाय अल्पसंख्यक है और देश की कुल जनसंख्या में उनकी आबादी करीब दो प्रतिशत है। हिंदू समुदाय से जस्टिस राना भगवान दास पहले जज बने थे। उन्होंने कार्यकारी मुख्य न्यायाधीश के रूप में भी कार्यभार संभाला था।