
सरकारी स्कूल में जाएंगी मेलानिया ट्रंप
- हैप्पीनेस क्लास का लेंगी जायजा
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पत्नी मेलानिया ट्रंप 25 फरवरी को दिल्ली के सरकारी स्कूल में जाएंगी। इस दौरान वो यहां के स्कूलों में चलने वाली हैप्पीनेस क्लास का जायजा लेंगी। इस दौरान दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया उनका वहां स्वागत करेंगे। अमेरिका की प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप इस हैप्पीनेस क्लास के दौरान दिल्ली के सरकारी स्कूल में विशेष मेहमान होंगी। इस क्लास के दौरान मेलानिया ट्रंप जानने का प्रयास करेंगी कि कैसे सरकारी स्कूलों के बच्चों के बीच तनाव कम किया जाता है। गौरतलब है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भारत के दौरे पर अगले सप्ताह आने वाले हैं। उनके आगमन से पहले पूरी तैयारियां की जा रही है. जानकारी के अनुसार, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप 24 और 25 फरवरी को यहां आने वाले हैं। दो दिवसीय दौरे के दौरान वो 34 घंटों तक देश में रहेंगे।
डोनाल्ड ट्रंप का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इस वीडियो में अमेरिकी राष्ट्रपति कहते सुने जा रहे हैं कि भारत में उनके स्वागत के लिए 70 लाख लोग आने वाले हैं। वहीं सोशल मीडिया यूजर्स ने ट्रंप के इस वीडियो पर कई कमेंट कर प्रतिक्रिया दी है। इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप नेमीडिया से कहा था कि उन्हें पीएम मोदी बहुत पसंद हैं। ट्रंप ने मोदी को अच्छा दोस्त भी बताया था। यहां पहुंचने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के साथ मोदी 22 किलोमीटर तक लंबी रोड शो भी करने जा रहे हैं। उसके बाद अहमदाबाद में नमस्ते ट्रंप कार्यक्रम में संबोधन करने का भी कार्यक्रम है। इसके बाद राष्ट्रपति ट्रंप और मेलेनिया आगरा में ताजमहल भी घुमने जाएंगे। वहीं दिल्ली में 25 फरवरी को उनका कई कार्यक्रम है।