YUV News Logo
YuvNews
Open in the YuvNews app
OPEN

फ़्लैश न्यूज़

नेशन

मोदी सरकार ने देश के किसानों और नौजवानों को दिया धोखा : कमल नाथ -किसानों के नाम पर भाजपा सरकार में हुआ था ऋण घोटाला -पटना में जन-आकांक्षा रैली में मुख्यमंत्री श्री नाथ

मोदी सरकार ने देश के किसानों और नौजवानों को दिया धोखा : कमल नाथ -किसानों के नाम पर भाजपा सरकार में हुआ था ऋण घोटाला -पटना में जन-आकांक्षा रैली में मुख्यमंत्री श्री नाथ

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमल नाथ ने रविववार को पटना में जन आकांक्षा रैली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर जमकर हमला बोलते हुए कहा कि मोदी सरकार ने देश के किसानों और नौजवानों को धोखा दिया है। श्री नाथ ने कहा कि आज इस देश की जनता मोदी जी से सवाल कर रही है कि किसान बिना दाम के, नौजवान बिना काम के तो फिर मोदी जी, नीतिश जी किस काम के।
श्री नाथ ने कहा कि दो माह पहले देश में हुये लोकतंत्र के उत्सव में मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ की जनता ने भारतीय जनता पार्टी के शासनकाल से त्रस्त होकर कांग्रेस को जनादेश दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा राज में मध्यप्रदेश बलात्कार में नंबर वन था, बेरोजगारी में नंबर वन था, किसानों की आत्महत्या में नंबर वन था और महिलाओं पर अत्याचार में नंबर वन था। प्रदेश के भोली-भाली, सहज-सरल स्वभाव की जनता ने जब यह सच्चाई जानी तो उन्होंने 15 साल के भाजपा शासन को नकार दिया और उन्हें घर बैठा दिया।
-भाजपा सरकार में हुआ था ऋण घोटाला
श्री नाथ ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री ने फिर एक झूठ बोला कि मध्यप्रदेश में ऋण माफी में घोटाला हो रहा है। किसानों का तेरह रूपया कर्जा माफ हो रहा है। श्री नाथ ने प्रधानमंत्री से कहा कि वे असलियत जानें। मध्यप्रदेश में कर्ज माफी में घोटाला नहीं हुआ बल्कि भाजपा की सरकार में किसानों के नाम पर ऋण लेने में बड़ा घोटाला हुआ है। भाजपा राज में किसानों को कर्जा देने में जो घोटाला किया गया है उसका बड़ा खुलासा हमारी सरकार करेगी। श्री नाथ ने कहा कि राहुल गांधी जी के आदेश पर मैंने मुख्यमंत्री का पद सम्हालते ही दो घंटे के अंदर किसानों का कर्जा माफ किया। आज 3 फरवरी है, अगले 3 मार्च को प्रदेश के 30 लाख किसानों का कर्जा माफ हो जायेगा और उसके बाद 15 लाख किसानों का शेष कर्जा माफ किया जायेगा।
-नौजवानों और किसानों से धोखा
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में कांग्रेस सरकार आने के बाद भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष  राहुल गांधी के आदेश पर नौजवान, किसानों और महिलाओं की सुरक्षा के लिये परिणाम देने वाले निर्णय लिये गये हैं। उन्होंने मोदी सरकार को आडे हाथों लेते हुए कहा कि सत्ता में आने के पहले मेक इन इंडिया, स्किल इंडिया, डिजिटल इंडिया, स्टेण्डअप इंडिया बनाने का वादा किया था। उन्होंने रैली में बड़ी संख्या में उपस्थित नौजवानों से पूछा क्या ऐसा कुछ हुआ है। आज दक्षिण अफ्रीका से ज्यादा देश में किसान आत्महत्या कर रहे हैं। मोदी सरकार हाथ पर हाथ धरी बैठी है। उन्होंने इस देश के नौजवानों और किसानों को इतना बड़ा धोखा दिया है जिसकी कोई मिसाल नहीं है।  
-गंगा साफ नहीं हुई, बैंक साफ हो गये
मुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी सरकार ने गंगा साफ करने की बात की थी। गंगा तो साफ नहीं हुई देश के बैंक साफ कर दिये गये। जिनकी नीयत साफ नहीं है वे गंगा को क्या साफ करेंगे। उन्होंने कहा कि राहुल जी के नेतृत्व में मोदी सरकार के खिलाफ बिगुल बज गया है। उन्होंने सभा में उपस्थित देश के भविष्य, नौजवानों से कहा कि वे सच्चाई को पहचाने। अपने भविष्य को देखें और उसे सुरक्षित बनाने के लिये कांग्रेस गठबंधन को अपना समर्थन दें।

Related Posts