
मेलानिया ने शेयर किया दिल्ली स्कूल का वीडियो
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप भारत का दो दिवसीय दौरा पूरा करके अमेरिका लौट चुके हैं। इस बीच अमेरिका की प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप को भारत दौरे की यादें अभी भी बरकरार हैं। यही वजह है कि वो लगातार भारत में बिताए अपने पलों को ट्विटर के जरिए सबसे सामने पेश कर रही हैं। हाल ही में उन्होंने दिल्ली के सरकारी स्कूल में अपने दौरे का एक वीडियो ट्वीट किया। साथ ही उन्होंने सर्वोदय स्कूल में अपने स्वागत की तस्वीरें भी शेयर कीं। अमेरिका की प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया, इसमें उन्होंने लिखा कि सर्वोदय स्कूल में तिलक और आरती के साथ मेरे खास स्वागत के लिए बहुत धन्यवाद। इसी के साथ मेलानिया ने दिल्ली के सर्वोदय स्कूल का एक वीडियो भी ट्वीट किया। वीडियो ट्वीट करते हुए लिखा कि नई दिल्ली के सर्वोदय स्कूल में अविस्मरणीय वक्त बिताया। असाधारण छात्र-छात्राओं और फैकल्टी के बीच ये मेरे लिए बेहद सम्मान का पल था। बेहद गर्मजोशी से किए गए स्वागत के लिए धन्यवाद। इससे पहले मेलानिया ट्रंप ने ताजमहल के दीदार का वीडियो भी शेयर किया। इसमें अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप भी उनके साथ नजर आ रहे हैं।