YUV News Logo
YuvNews
Open in the YuvNews app
OPEN

फ़्लैश न्यूज़

वर्ल्ड

राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए सभी जरूरी उपाय करेगा भारत : कोविंद

राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए सभी जरूरी उपाय करेगा भारत : कोविंद

पाकिस्तानी आतंकी संगठन जैश ए मोहम्मद द्वारा सीआरपीएफ जवानों पर किए गए हमले के बाद भारतीय वायुसेना द्वारा बालाकोट में की गई एयरस्ट्राइक का समर्थन करते हुए राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा कि भारत राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए सभी जरूरी उपाय करेगा। उल्लेखनीय है कि राष्ट्रपति कोविंद क्रोएशिया की यात्रा करने वाले भारत के पहले राष्ट्राध्यक्ष हैं। वह तीन देशों की यात्रा के पहले चरण में पत्नी सविता कोविंद के साथ सोमवार को यहां पहुंचे। उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ निरंतर समर्थन के लिए क्रोएशिया सरकार के प्रति आभार प्रकट किया। 
कोविंद ने यहां एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भारत के संबंध में, हम यह स्पष्ट कर चुके हैं कि हम अपनी सुरक्षा के लिए सभी जरूरी कदम उठाएंगे, ताकि हम अपने लोगों की सलामती सुनिश्चित कर सकें। राष्ट्रपति ने कहा शांति और सुरक्षा मानवता की भलाई के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा हम आतंकवाद के खिलाफ लगातार समर्थन के लिए क्रोएशिया की सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हैं।  उन्होंने कहा दुनिया को आतंकवादियों को शरण देने और उनका समर्थन करने वालों के खिलाफ निर्णायक पहल करने की जरूरत है।
उन्होंने प्रवासी भारतीयों को भारत में निवेश के लिए आमंत्रित किया है। कोविंद ने कहा भारतीय अर्थव्यवस्था मजबूत आर्थिक संकेतकों के साथ सबसे तेजी से आगे बढ़ रही है। इसलिए, मैं आपको भारत की यात्रा करने और परिवर्तनकारी बदलावों का अनुभव करने के लिए प्रोत्साहित करता हूं। उन्होंने रेखांकित किया कि ‘मेक इन इंडिया’, ‘डिजिटल इंडिया’, और ‘स्टार्ट-अप इंडिया’ ने कारोबार की नई संभावनाएं पैदा की हैं। उन्होंने कहा कि भारत और क्रोएशिया अपने संबंधों, विशेषकर आर्थिक संबंधों को गहरा करने के इच्छुक हैं। राष्ट्रपति ने कहा कि दोनों पक्षों ने निवेश के साथ एक अच्छी नींव पहले ही रख दी है। व्यापार, निवेश और प्रौद्योगिकी सहयोग को मजबूत करने की काफी संभावनाएं हैं। 
उन्होंने कहा गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर ने 1926 में क्रोएशिया की यात्रा की थी और उन्होंने कई क्रोएशियाई कवियों और लेखकों को प्रभावित किया। ज़ाग्रेब विश्वविद्यालय के इंडोलॉजी विभाग ने क्रोएशिया में भारतीय भाषाओं, दर्शन, इतिहास और संस्कृति के अध्ययन और प्रचार में उत्कृष्ट योगदान दिया है। मैं यह जानकर प्रभावित हुआ हूं कि यह नियमित रूप से वेदों और पुराणों पर सम्मेलनों का आयोजन करता है। राष्ट्रपति ने कहा कि हम वैश्विक चुनौतियों के समाधान खोजने के लिए सभी के साथ काम करने के लिए तैयार हैं। हम सभी के प्रति दोस्ती का हाथ बढ़ाने के लिए तैयार हैं। 

Related Posts