
कोरोना संक्रमण को देखकर दुनिया की आधी आबादी लॉकडाउन में है। किलर कोरोना वायरस का खौफ ऐसा है कि 3.9 बिलियन लोगों को घरों में कैद है। कोरोना के कारण अबतक दुनिया भर में 50 हजार से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। शुक्रवार को थाईलैंड सरकार ने कोरोना के बढ़ते प्रकोप को देखकर कर्फ्यू का ऐलान किया है। इसके बाद घरों में कैद लोगों का आंकड़ा वैश्विक आबादी का आधा हो गया। यूरोप के देश ब्रिटेन, फ्रांस, इटली और स्पेन में लोगों की आवाजाही पर प्रतिबंध है। वहीं एशिया में भारत, नेपाल और श्रीलंका में भी लॉकडाउन की घोषणा की है। कोरोना से संक्रमितों की संख्या 10 लाख को पार है। दुनिया में सबसे ज्यादा संक्रमित लोगों के मामले में अमेरिका पहले पायदान पर है। यहां संक्रमित लोगों की कुल संख्या 245373 पहुंच गई है। वहीं दूसरे स्थान पर इटली है, जहां 115242 लोग संक्रमित हैं। कोरोना वायरस के कारण दुनियाभर में अबतक 50,000 लोग जान गंवा चुके हैं। अभी तक एक दिन में सबसे अधिक मौत की संख्या अमेरिका से सामने आई है। आंकड़ों के अनुसार अमेरिका में इस संक्रामक रोग से करीब 6,000 लोगों की मौत हो गई है। इनमें से 1,100 से अधिक लोगों की मौत पिछले 24 घंटे में हुई। इस वैश्विक महामारी से पूरे विश्व की अर्थव्यवस्था चरमरा रही है। नए आंकड़ों के अनुसार, 66.5 लाख अतिरिक्त अमेरिकियों ने पिछले सप्ताह बेरोजगारी लाभ के लिए हस्ताक्षर किए हैं।