
अमेरिका अभी तक भारत से अपने 1,300 नागरिकों को वापस ले जा चुका है, लेकिन विश्व में कोरोना वायरस के सबसे अधिक मामले अमेरिका में आने के बाद बाकी नागरिकों को लौटने में डर लग रहा है। दक्षिण और मध्य एशिया मामलों की कार्यकारी सहायक मंत्री एलिस जी.वेल्स ने कहा,सोमवार की रात तक करीब 1,300 अमेरिकी नागरिकों को वापस लाया गया था और पांच अतिरिक्त विमान इस हफ्ते भारत जाएंगे। कितने अमेरिकियों को देश वापस आने में मदद चाहिए इसका सटीक आंकड़ा बता पाना मुश्किल है। अमेरिकी दूतावास और वाणिज्य दूतावास में 7,000 से अधिक लोगों ने पंजीकरण कराया है।
वेल्स ने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया कि अमेरिका में तेजी से बढ़ रहे कोरोना के मामलों के चलते ही अमेरिकी वापस आने से घबरा रहे हैं या नहीं। वेल्स ने कहा कि भारत में मौजूद अमेरिकियों को निर्णय लेने की जरूरत है। कोरोना पर व्हाइट हाउस के कार्यबल के सदस्यों ने कोविड-19 से अमेरिका में अगले कुछ सप्ताह में एक से दो लाख लोगों के मारे जाने की आशंका है। दूतावास संबंधी मामलों के लिए प्रधान उपसहायक विदेश मंत्री ईयान ब्राउनली ने बताया कि भारत में मौजूद कई अमेरिकियों ने अपना लौटने का आवेदन वापस ले लिया है जबकि अमेरिकी सरकार ने उनके विमान का बंदोबस्त भी कर दिया था। अमेरिका 29 जनवरी से अभी तक पेरू, भारत, मिस्र, नेपाल और बुरुंडी सहित कई देशों से अपने 43,000 नागरिक देश वापस ला चुका है। ब्राउनली ने कहा कि दुनियाभर में अमेरिका की 80 से अधिक उड़ान सेवाओं पर काम जारी है।