YUV News Logo
YuvNews
Open in the YuvNews app
OPEN

फ़्लैश न्यूज़

नेशन

 9 वर्षों में सबसे ठंडे रहे जून के 6 दिन, 40 डिग्री नहीं पहुंचा तापमान

 9 वर्षों में सबसे ठंडे रहे जून के 6 दिन, 40 डिग्री नहीं पहुंचा तापमान

नई दिल्ली । दिल्ली के लोगों को आंधी-पानी ने बड़ी राहत दी। मौसम विभाग के मुताबिक जून के महीने में आमतौर पर झुलसाने वाली गर्मी का सामना करने वाले दिल्ली के लोगों को इस बार खासा आरामदायक तापमान मिल रहा है। जून के अभी तक के छह दिन बीते नौ वर्षों में सबसे ज्यादा ठंडे हैं। जबकि, 15 जून तक भी झुलसाने वाली गर्मी का अंदेशा नहीं है। पश्चिमी विक्षोभ और अरब सागर में उठे निसर्ग चक्रवाती तूफान ने दिल्ली के मौसम को काफी हद तक ठंडा कर दिया है। जून के इन छह दिनों में 1 दिन भी तापमान 40 डिग्री के पास भी नहीं पहुंचा है। जबकि, इसकी तुलना अगर बीते वर्षों से करें तो आमतौर पर दो से छह दिन तापमान चालीस डिग्री से ऊपर पहुंचता रहा है।
मौसम विभाग के मुताबिक, वर्ष 2019 में 1 से 6 जून तक लगातार तापमान 40 डिग्री से ऊपर रहा था। जबकि, वर्ष 2018 में 5 दिन, वर्ष 2017 में 4 दिन, वर्ष 2016 में 5 दिन, वर्ष 2015 में 2 दिन, वर्ष 2014 में 5 दिन, वर्ष 2013 में 4 दिन, वर्ष 2012 में छह दिन और वर्ष 2011 में 3 दिन ऐसे रहे थे जब तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया था। दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों में शनिवार को सुबह से ही हल्के बादल छाए रहे। दिन के कुछ हिस्सों में धूप निकली। दिल्ली के सफदरजंग स्थित मौसम केंद्र में शनिवार को अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री दर्ज किया जो सामान्य से 3 डिग्री कम है। जबकि, न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से चार डिग्री कम है।
 

Related Posts