
लोकसभा चुनाव 2019 में आम आदमी पार्टी (आप) और कांग्रेस के बीच गठबंधन की संभावना अब तक खत्म नहीं हुई है। दिल्ली के उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसौदिया ने एक बार फिर आप और कांग्रेस के बीच गठबंधन की हिमायत की है।
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को देश के लिए बड़ा खतरा बताते हुए लोकसभा चुनाव के लिए दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में कांग्रेस से गठबंधन करने की शनिवार को फिर से पेशकश की है। पार्टी ने हालांकि इस बार गठबंधन के फार्मूले से पंजाब की मांग को हटा लिया है।
आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा मोदी और शाह की जोड़ी देश के लिए खतरनाक है।
उन्होंने कहा इसे रोकने के लिए आप सभी भाजपा विरोधी संगठनों के साथ हाथ मिलाने को तैयार है। उन्होंने कहा अभी भी समय है, अगर कांग्रेस चाहे तो मोदी और शाह की जोड़ी को 18 सीटों (हरियाणा, दिल्ली और चंडीगढ़) पर हराया जा सकता है। यह कांग्रेस को तय करना है कि इस समय प्राथमिकता मोदी और शाह की जोड़ी को हराना है या ज्यादा सीटों लड़ने का रिकॉर्ड बनाने का। उल्लेखनीय है कि आप अभी तक पंजाब, हरियाणा और दिल्ली की 33 सीटों पर कांग्रेस के साथ गठबंधन की पहल कर रही थी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के प्रति जन्मजात विरोध के बावजूद आप ने मौजूदा हालात को देखते हुए गठबंधन की पहल की है। मनीष सिसोदिया ने कहा यह कांग्रेस को तय करना है कि इस समय प्राथमिकता मोदी और शाह की जोड़ी को हराना है या ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ने का रिकॉर्ड बनाना है। उन्होंने गठबंधन में देरी के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा, कांग्रेस ने इस तानाशाही विरोधी आंदोलन को बहुत नुकसान पहुंचाया है।