
टोक्यो। जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने स्वास्थ्य कारणों के चलते शुक्रवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आबे ने इस्तीफे की घोषणा कर कहा कि वे नहीं चाहते हैं कि उनकी बीमारी देश चलाने में बाधा बने। बता दें कि इसके पहले स्थानीय मीडिया के हवाले से खबर थी कि शिंजो आबे शुक्रवार को अपना पद छोड़ने की घोषणा कर सकते है। स्थानीय मीडिया ने सूत्रों के हवाले से कहा कि आबे की स्वास्थ्य समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं,इसकारण उन्होंने इस्तीफा दिया। बता दें कि पिछले दिनों खबर थी कि आबे की तबीयत ठीक नहीं है, वे दो बार अस्पताल जाते दिखाई दिए। उनकी बीमारी को लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। आबे ने इसी महीने अपने काम से तीन दिन की छुट्टी ली थी। वे 17 अगस्त को अस्पताल गए थे। वे अपने मेडिकल चेकअप के लिए करीब 7 घंटे से भी ज्यादा वक्त तक अस्पताल में रहे थे और इसके एक हफ्ते बाद वे फिर उसी अस्पताल में अन्य जांचों के लिए गए थे।