
टोक्यो । जापान 2030 तक अपना खुद का नई पीढ़ी का स्टील्थ लड़ाकू विमान विकसित करेगा। इस बनाने का मुख्य ठेका जापान सरकार ने मित्सुबिशी हेवी इंडस्ट्रीज को दिया है। जापान के रक्षा मंत्री नोबुओ किशी ने इसकी घोषणा की। उन्होंने कहा, हम अपने अगली पीढ़ी के लड़ाकू विमानों के विकास को आगे बढ़ाएंगे।’’ चीन और उत्तर कोरिया जैसे पड़ोसी मुल्कों के साथ बढ़ते तनाव और खतरे के बीच जापान अपनी सैन्य क्षमताओं को बढ़ा रहा है।नई पीढ़ी के लड़ाकू विमान विकसित करना उसकी मौजूदा लड़ाकू विमानों के बेड़े को आधुनिक बनाने की योजना का हिस्सा है। अभी अगली पीढ़ी के स्टील्थ लड़ाकू विमानों को ‘एफ-एक्स’ नाम दिया गया है। स्टील्थ विमान अत्याधुनिक लड़ाकू विमान होते हैं जो दुश्मन देश के राडार को चकमा देने में सक्षम होते हैं। जापान के नई पीढ़ी के लड़ाकू विमान उसके मौजूदा एफ-2 विमानों का स्थान लेने वाले है। इनका विकास जापान ने अमेरिका की मदद से किया है। जापान की वायु सेना के पास सभी तरह के करीब 290 लड़ाकू विमानों का बेड़ा है। जापान के रक्षा मंत्रालय ने नए विमानों के शोध एवं विकास के लिए 2021 के बजट में 58.7 अरब येन यानी 55.6 करोड़ डॉलर की मांग की है। विमान को विकसित करने का मुख्य ठेका मित्सुबिशी को दिया है। परियोजना के तहत इंजन, कलपुर्जे और अन्य चीजों के लिए भागीदारों का चुनाव करेगी। जापान कुछ हिस्सों को विदेशी कंपनियों के साथ सह-विकसित करने पर भी विचार कर रहा है। इसमें अमेरिकी और ब्रितानी कंपनियां शामिल हो सकती हैं।