
लोकसभा चुनाव के चार चरणों का मतदान पूरा हो चुका है। लगभग 70 फीसदी सीटों पर मतदान खत्म हो चुका है। सैकड़ों उम्मीदवारों का भाग्य ईवीएम में बंद हो चुका है। बाकी बचे तीन चरणों का चुनाव भाजपा के लिए अहम है। भाजपा ने इन तीन चरणों की 169 सीटों में से 2014 के चुनाव में 116 सीटें जीती थीं। माना जा रहा है कि भाजपा की असली परीक्षा अब शुरू हुई है। अगले तीन चरण भाजपा के लिए बेहद अहम हैं। दरअसल, 2014 के चुनाव में भाजपा ने राजस्थान में लोकसभा की सभी सीटें जीती थीं, जबकि मध्य प्रदेश में भी उसका प्रदर्शन शानदार रहा था। पिछले साल हुए इन राज्यों के विधानसभा चुनाव में भाजपा को हार का मुंह देखना पड़ा था।
ऐसे में पार्टी के लिए 2014 वाले प्रदर्शन को दोहराने की चुनौती होगी। सोमवार को दोनों राज्यों की जिन 19 सीटों पर मतदान हुआ, उसमें से 6 सीटें मध्य प्रदेश और 13 राजस्थान की थीं। चौथे चरण में नौ राज्यों में 72 सीटों पर वोटिंग हुई, जहां से कुल 961 उम्मीदवार चुनावी मैदान में उतरे थे।
पांचवें चरण में बिहार की 5, जम्मू-कश्मीर की 1, झारखंड की 4, मध्य प्रदेश में 7, राजस्थान में 12, यूपी में 14, पश्चिम बंगाल में 7 सीटों पर मतदान होना है। यहां 6 मई को वोट पड़ेंगे। छठे चरण में बिहार में 8, हरियाणा में 10, झारखंड में 4, मध्य प्रदेश में 8, यूपी में 14, पश्चिम बंगाल में 8, दिल्ली में 7 सीटों पर वोटिंग होनी है। यहां 12 मई को मतदान होगा। सातवें चरण में बिहार में 8, हिमाचल प्रदेश में 4, झारखंड में 3, मध्य प्रदेश में 8, पंजाब में 13 यूपी में 13, पश्चिम बंगाल में 9 और केंद्रशासित प्रदेश चंडीगढ़ में वोटिंग होनी है। यहां 19 मई को मतदान होना है।
चौथे चरण के मतदान के साथ 543 लोकसभा सीटों में से 373 सीटों के लिए मतदान पूरा हो गया है। सोमवार को जिन 72 सीटों के लिए मतदान हुआ, उसमें 45 सीटों पर भाजपा, 9 पर उसकी सहयोगी शिवसेना और 2 पर लोजपा का कब्जा है।