
मॉस्को । रूस ने अमेरिका और यूरोपीय देशों के साथ बढ़ते तनाव के बीच अपने दुश्मन देशों की लिस्ट प्रकाशित करने का ऐलान किया है। रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने कहा कि यह जल्द ही जारी होगा। दोस्त देशों के लिए हमने पहले से मानदंड तय करके रखे हुए हैं। इस ऐलान के बाद यह माना जाने लगा है कि अमेरिका और यूरोपीय देशों के साथ जारी तनाव में रूस एक कदम भी पीछे नहीं हटने वाला है। राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन खुद ही रूस के दुश्मनों को हदों में रहने की चेतावनी दे चुके हैं। सर्गेई लावरोव ने सरकारी न्यूज एजेंसी स्पूतनिक को दिए इंटरव्यू में कहा कि सरकार के पास विशिष्ट निर्देश हैं, इस कार्य में जो मापदंड हैं, वे स्पष्ट हैं। इसलिए, मुझे लगता है, हमें लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। पिछले हफ्ते ही राष्ट्रपति पुतिन ने उन देशों के विदेशी राजनयिक मिशनों में काम करने वाले रूसियों की संख्या को सीमित करने के लिए एक डिक्री पर हस्ताक्षर किए जिनका संबंध रूस के प्रति मैत्रीपूर्ण नहीं है। पुतिन ने ही रूसी विदेश मंत्रालय से ऐसे देशों की की सूची बनाने को कहा था, जो रूस के प्रति दुश्मनी का भाव रखते हैं। जिसके बाद विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव के निर्देशन में ऐसे देशों को पहचानने का काम जोरशोर से जारी है। विशेषज्ञों का मानना है कि रूस इस लिस्ट को सार्वजनिक तो नहीं करेगा, लेकिन उन देशों के प्रति कठोर नीति जरूर बनाएगा। इसमें ज्यादातर देश यूरोप के होंगे।