
मुंबई । बॉलीवुड अभिनेता अनुपम खेर इन दिनों अपनी पत्नी किरण खेर का खासा ख्याल रख रहे हैं। जब से किरण खेर को ब्लड कैंसर का पता चला है, वह अक्सर प्रशंसकों को उनका हेल्थ अपडेट देते रहते हैं। उन्होंने किरण खेर का एक और हेल्थ अपडेट शेयर करते हुए बताया है कि कैंसर से जूझ रहीं किरण खेर के लिए यह जंग मुश्किल है, लेकिन धीरे-धीरे उनकी हालत में सुधार हो रहा है।
दरअसल, अभिनेत्री से राजनेता बनीं किरण खेर मल्टिपल मायलोमा (एक प्रकार के ब्लड कैंसर) से पिछले साल से जूझ रही हैं। किरण खेर का इलाज मुंबई के एक अस्पताल में चल रहा है। जहां वह कीमोथैरेपी सेशन ले रही हैं। पत्नी के स्वास्थ्य पर बात करते हुए अनुपम खेर ने कहा कि किरण का स्वास्थ्य पहले से बेहतर है। लेकिन, यह बहुत मुश्किल इलाज है। वह अक्सर कहती रहती हैं कि लॉकडाउन और कोरोना ने चीजों को बहुत मुश्किल बना दिया है। कैंसर का इलाज ले रहे मरीजों को हमेशा अपना मन बहलाते रहना होता है, ताकि उनका स्ट्रेस दूर हो। लेकिन, वह न तो दोस्तों से मिल सकती हैं और न बाहर जा सकती हैं।
उन्होंने कहा कि वह अक्सर पॉजिटिव रहने की कोशिश करती हैं। अच्छी बात यह है कि उनकी सेहत अब पहले की तुलना में बेहतर हो रही है। डॉक्टर भी अपना काम कर रहे हैं। लेकिन, इतने मुश्किल ट्रीटमेंट के लिए आपको अपनी मानसिक स्थिति को मजबूत रखना होता है। वह इसे लेकर हर संभव कोशिश कर रही हैं। इसके पहले भी अनुपम खेर, किरण खेर का हेल्थ अपडेट जारी कर चुके हैं।
सोशल मीडिया के जरिए वह अक्सर पत्नी किरण के स्वास्थ्य के बारे में उनके फैंस को बताते रहते हैं। इससे पहले अनुपम ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो में कहा था कि किरण की सेहत में सुधार हो रहा है, लेकिन मल्टीपल मायलोमा की दवाओं के कई साइड इफेक्ट हैं।