
वॉशिंगटन । दुनिया की सबसे बड़ी पोर्न वेबसाइटों में गिनी जाने वाली पोर्नहब और उसकी मूल कंपनी माइंडगीक को बड़ा झटका लगा है। अमेरिका में 34 महिलाओं ने पोर्नहब के खिलाफ कैलिफोर्निया में मुकदमा दर्ज कराया है। महिलाओं ने आरोप लगाया कि पोर्नहब वेबसाइट जानबूझकर रेप और नाबालिगों समेत महिलाओं के साथ यौन उत्पीड़न के वीडियो दिखाकर उससे पैसा कमा रहा है।
इन शिकायतकर्ता महिलाओं के वकीलों ने आरोप लगाया कि विश्व की सबसे बड़ी वयस्क वेबसाइटों में शामिल पोर्नहब चाइल्ड पोर्नोग्राफी और बिना सहमति के सेक्सुअल कंटेंट के लिए एक बाजार बन गई है। उन्होंने कहा वे चाहती हैं कि कंपनी नुकसान की भरपाई करे। महिलाओं ने कहा पोर्नहब को चलाने वाली कंपनी माइंडगीक ने वयस्क मनोरंजन के नाम पर एक आपराधिक साम्राज्य चला रही है।
वकीलों ने कहा माइंडगीक का बिजनस मॉडल बिना सहमति के बनाए गए यौन संबंधों को भुनाने पर आधारित है। उन्होंने कहा यह मामला रेप के लिए है, न कि पोर्नोग्राफी के लिए।
एक महिला को छोड़कर बाकी सभी महिलाओं ने अपनी पहचान को उजागर नहीं किया है। शिकायत करने वाली कई महिलाएं विदेशों से भी हैं। 14 महिलाओं ने कहा कि जब वे नाबालिग थीं, उस समय उनका वीडियो बना लिया गया। इस मामले को बाल यौन तस्करी के मामले के रूप में लिया जाना चाहिए।
एक महिला का प्रतिनिधित्व करने वाले वकील माइकल बोवे ने कहा अदालत माइंडगीक को उनके मुवक्किलों को लाखों डॉलर मुआवजा देने के लिए कह सकती है। अपनी पहचान उजागर करने वाली सेरेना फ्लेइटस ने कहा कि उन्हें वर्ष 2014 में पता चला कि उनका अपने ब्वायफ्रेंड के साथ एक न्यूड वीडियो बिना सहमति के पोर्नहब पर डाल दिया गया है। उस समय सेरेना की उम्र मात्र 13 साल थी। सेरेना ने जब पोर्नहब से इसकी शिकायत की उनके वीडियो को कई सप्ताह बाद हटाया गया।