
ईद पर रिलीज हुई फिल्म भारत ने 5 दिनों में 150 करोड़ की कमाई का आंकड़ा पार कर लिया है। सलमान खान और कटरीना स्टारर फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रतिसाद मिल रहा है। ईद पर 42.30 करोड़ की बंपर ओपनिंग के बाद सलमान की भारत तेज रफ्तार से बॉक्स ऑफिस पर कमाई कर रही है। भारत ने छठे दिन यानी सोमवार को 9.20 करोड़ कमाए हैं। भारत की 6 दिनों में कुल कमाई 159.30 करोड़ हो गई है। ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श के मुताबिक, लंबा वीकेंड में शानदार कमाई के बाद अन्य दिनों में भारत की कमाई में गिरावट आई है। मंगलवार से गुरुवार और दूसरे वीकेंड की कमाई मायने रखेगी। 6 दिन में केसरी और टोटल धमाल के लाइफटाइम बिजनेस को पछाड़ने के बाद भारत 2019 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली दूसरी फिल्म बन गई है। 2019 की सबसे ज्यादा कमाई वाली फिल्मों में पहले नंबर पर विक्की कौशल की उरी है। उरी का लाइफटाइम कलेक्शन 245.36 करोड़ है।
भारत के लिए 16 जून का दिन अहम होगा। इस दिन भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट वर्ल्ड कप मैच है। भारत ओवरसीज में भी अच्छा कलेक्शन कर रही है। सलमान खान की फिल्म को देशभर में 4700 स्क्रीन पर रिलीज किया गया। ओवरसीज में भारत 1300 स्क्रीन पर रिलीज हुई। मालूम हो कि भारत कोरियन फिल्म ओड टू माई फादर का हिंदी रीमेक है। इसमें दिशा पाटनी, कटरीना कैफ, तब्बू, जैकी श्रॉफ और सुनील ग्रोवर अहम रोल में थे।