YUV News Logo
YuvNews
Open in the YuvNews app
OPEN

फ़्लैश न्यूज़

नेशन

राहुल-प्रियंका गांधी के रोड शो में शा‎मिल नहीं हुए यूपी कांग्रेस के तीन पूर्व अध्यक्ष

राहुल-प्रियंका गांधी के रोड शो में शा‎मिल नहीं हुए यूपी कांग्रेस के तीन पूर्व अध्यक्ष

कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और अपने बड़े भाई राहुल गांधी के साथ रोड शो किया। इस दौरान यूपी कांग्रेस के सभी दिग्गज नेता एयरपोर्ट पर स्वागत करने के साथ-साथ रोड शो में शामिल हुए। लेकिन एक- दो नहीं बल्कि सूबे के तीन पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष प्रियंका के कार्यक्रम में नजर नहीं आये, ऐसे में उनकी नामौजूदगी से कई सियासी मायने निकाले जाने लगे हैं। कांग्रेस महासचिव और पूर्वी उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी मिलने के बाद प्रियंका गांधी पहली बार सोमवार को चार दिवसीय दौरे पर दो दिन पहले लखनऊ पहुंची थीं। इस दौरान प्रियंका के रोड शो में तमाम दिग्गज नेता शामिल थे, लेकिन कांग्रेस के श्रीप्रकाश जायसवाल, सलमान खुर्शीद और निर्मल खत्री नजर नहीं आये। ये तीनों नेता उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष रह चुके हैं।
श्रीप्रकाश जायसवाल, सलमान खुर्शीद और निर्मल खत्री लोकसभा चुनाव से ऐन पहले प्रियंका गांधी के रोड शो में ही नहीं बल्कि प्रदेश कांग्रेस कार्यलय से भी नदारद रहे। ऐसे में इन नेताओं की गैरमौजूदगी के सियासी मायने निकाले जाने लगे हैं। जबकि कांग्रेस की ओर से इन नेताओं के शामिल न होने पर पार्टी के प्रोटोकाल की दुहाई दी जा रही है। कांग्रेस की ओर से कहा गया है कि ये तीनों नेता कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं। ऐसे में इन्हें कांग्रेस के प्रोटोकाल के तहत निमंत्रण देकर बुलाया जाता है, तभी वो आते हैं। बिना बुलाए वो नहीं आते हैं। इसी के चलते वो नहीं दिखे हैं। कांग्रेस के अपने तर्क हैं, लेकिन रोड शो में सूबे भर के नेता शामिल हुए थे। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ रथ पर प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर, आरपीएन सिंह, जितिन प्रसाद, राजीव शुक्ला, अनु टंडन, प्रमोद तिवारी, अजय कपूर, पीएल पुनिया, प्रदीप माथुर, अखिलेश प्रताप सिंह, इमरान मसूद  और ललितेश पति त्रिपाठी जैसे दिग्गज नेता रोड शो में साथ आए । प्रियंका के स्वागत में प्रदेश कांग्रेस कार्यलय को जहां सजाया और संवारा गया था। वहीं, एयरपोर्ट से लेकर पार्टी कार्यालय तक को पोस्टर बैनरों से पाट दिया गया था। लखनऊ के आसपास के जिलों के कार्यकर्ता प्रियंका के रोड शो में शामिल हुए थे। ऐसे में इन नेताओं के शामिल न होने पर सवाल उठने लगे हैं।

Related Posts