
नई दिल्ली । कांग्रेस पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को बीते 1 दिन से भी ज्यादा वक्त से हिरासत में रखने पर टिप्पणी की है।बता दें प्रियंका फिलहाल उत्तर प्रदेश स्थित सीतापुर के एक गेस्ट हाउस में हिरासत में बंद है।उनकी मांग है कि जब तक लखीमपुर खीरी में पीड़ित किसानों से मिल नहीं लेतीं, तब तक वापस नहीं जाएंगी।इस बीच प्रियंका गांधी वाड्रा को हिरासत में रखने पर राहुल ने ट्वीट किया, जिस हिरासत में रखा है, वहां डरती नहीं है, सच्ची कांग्रेसी है, हार नहीं मानेगी! सत्याग्रह रुकेगा नहीं।
इसके साथ ही फेसबुक पर पोस्ट में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने लिखा, एक मंत्री का बेटा अगर अपनी गाड़ी के नीचे सत्याग्रही किसानों को कुचल दे,तब देश का संविधान खतरे में है।अगर वीडियो के सामने आने के बाद भी मंत्री के बेटे को हिरासत में ना लिया जाए,तब देश का संविधान खतरे में है।अगर एक महिला नेता को 30 घंटे तक बिना एफआईआर के हिरासत में रखा जाए,तब देश का संविधान खतरे में है। अगर क़त्ल हुए पीड़ितों के परिवार से किसी को ना मिलने दिया जाए,तब देश का संविधान खतरे में है।अगर ये वीडियो किसी को दुखी नहीं करता,तब मानवता भी खतरे में है। राहुल ने पोस्ट के साथ वीडियो भी पोस्ट किया है, जिसमें एक गाड़ी लोगों की भीड़ से गुजर रही है। आम लोगों और कांग्रेस सहित अन्य विपक्ष के नेताओं का दावा है कि वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे मंत्री के बेटे की कार से किसान रौंदे गए।हालांकि वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं हो सकी है।दूसरी ओर कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि प्रियंका तथा कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र हुड्डा सहित कुछ वरिष्ठ नेता सुबह लखीमपुर खीरी की सीमा पर पहुंचे थे, लेकिन उन्हें हिंसा में मारे गये किसानों के परिजनों से नहीं मिलने दिया गया।उधर, प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी खुद को हिरासत में रखे जाने पर टिप्पणी की है।प्रियंका ने लिखा ‘नरेंद्र मोदी जी आपकी सरकार ने बैगर किसी ऑर्डर और एफआईआर के मुझे पिछले 28 घंटे से हिरासत में रखा है।अन्नदाता को कुचल देने वाला ये व्यक्ति अब तक गिरफ़्तार नहीं हुआ क्यों?’