YUV News Logo
YuvNews
Open in the YuvNews app
OPEN

फ़्लैश न्यूज़

नेशन

पूरी क्षमता के साथ आज से उड़ान भरेंगे घरेलू विमान, कोरोना के कारण लगा प्रतिबंध खत्म 

पूरी क्षमता के साथ आज से उड़ान भरेंगे घरेलू विमान, कोरोना के कारण लगा प्रतिबंध खत्म 

नई दिल्ली । नागर विमानन मंत्रालय ने ऐलान किया है कि एयरलाइंस कंपनियां 18 अक्टूबर से बिना किसी प्रतिबंध के पूर्ण क्षमता के साथ घरेलू उड़ानों का संचालन कर सकेंगी। नागर विमानन मंत्रालय ने यह फैसला हवाई यात्रा के लिए यात्रियों की मांग के मद्देनजर लिया है। नागर विमानन मंत्रालय के इस निर्णय के बाद विमानन कंपनियों ने सोमवार से 100 फीसदी क्षमता के साथ उड़ानें शुरू कर दी हैं। 
एयरलाइंस कंपनियां बीते 18 सितंबर से अपनी कोविड पूर्व ​​घरेलू सेवाओं का 85 फीसदी क्षमता के साथ संचालन कर रही थीं। 12 अगस्त से 18 सितंबर के बीच 72.5 फीसदी क्षमता के साथ विमान सेवाओं का संचालन किया गया, जबकि पांच जुलाई से 12 अगस्त के बीच 65 फीसदी क्षमता के साथ विमानों का संचालन किया जा रहा था। विमानन कंपनियां एक जून से पांच जुलाई के बीच अपनी कोविड-पूर्व क्षमता के 50 फीसदी के साथ उड़ानों का संचालन कर रही थीं।
भारतीय विमानन कंपनियों ने नौ अक्टूबर को 2,340 घरेलू उड़ानों का संचालन किया, जो उनकी कुल कोविड पूर्व क्षमता का 71.5 फीसदी है। मंत्रालय ने अपने आदेश में कहा है कि 18 अक्टूबर 2021 से बिना किसी क्षमता प्रतिबंध के निर्धारित घरेलू उड़ान संचालन को बहाल करने का निर्णय लिया गया है। आदेश में कहा गया है कि यह फैसला घरेलू संचालन और हवाई यात्रा के लिए यात्रियों की मांग की मौजूदा स्थिति की समीक्षा के बाद लिया गया है। 
सरकार ने दो महीने के अंतराल के बाद पिछले साल 25 मई को निर्धारित घरेलू उड़ानों को फिर से शुरू किया था। उस समय मंत्रालय ने विमानन कंपनियों को कोविड-19 पूर्व की अपनी घरेलू सेवाओं के 33 प्रतिशत से अधिक के संचालन की अनुमति नहीं दी थी। दिसंबर 2020 तक धीरे-धीरे इसे बढ़ाकर 80 प्रतिशत कर दिया गया। एक जून तक यह सीमा 80 प्रतिशत तक बनी रही। मंत्रालय ने कहा था कि देश भर में कोविड-19 के मामलों में अचानक वृद्धि, यात्रियों की संख्या में कमी के मद्देनजर एक जून से अधिकतम सीमा को 80 से 50 प्रतिशत तक लाने का निर्णय किया गया था। इस घोषणा पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भारत की सबसे बड़ी विमानन कंपनी इंडिगो ने कहा यह स्वागत योग्य कदम है और हमारा मानना है कि हाल में यात्रियों की बढ़ी मांग और आगामी त्योहारी सीजन के मद्देनजर कोविड-19 से पहले वाली क्षमता के साथ उड़ानों का संचालन करना अच्छा निर्णय है। उन्होंने कहा हमें घरेलू यात्रा में वृद्धि और मांग के तेजी से बढ़ने की पूरी आशा है।
एक अन्य निजी विमानन कंपनी विस्तारा ने भी इस फैसले का स्वागत किया है। विमानन कंपनी के प्रवक्ता ने कहा विस्तार क्षमता पर प्रतिबंध हटाने संबंधी सरकार का फैसला स्वागतयोग्य कदम है। हमें विश्वास है कि इस फैसले के बाद हवाई यात्रा में लोगों के बढ़ते विश्वास, मांग और त्योहारी सीजन के मद्देनजर महामारी से प्रभावित क्षेत्र को तेजी से ऊबरने में मदद मिलेगी। 
 

Related Posts