
लखनऊ । यूपी विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान होने में भले ही अभी समय हो लेकिन राज्य की सियासी सरगर्मी तेज होती जा रही है। एक-दूसरे से गठबंधन की बातें भी चल रही हैं। इस बीच सोशल मीडिया पर अखिलेश यादव और प्रियंका गांधी की फोटो वायरल हो रही है। बताया जा रहा है कि दोनों का दिल्ली से लखनऊ आ रही फ्लाइट में आमना-सामना हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अखिलेश और प्रियंका ने एक दूसरे का अभिवादन स्वीकार किया। इस दौरान दोनों के बीच कुछ मिनट बातचीत भी हुई। दोनों ने एक-दूसरे का हालचाल पूछा। अखिलेश यादव शुक्रवार ही दिल्ली दौरे पर पहुंचे थे। यहां उन्हें सपा के संरक्षक मुलायम सिंह यादव से मुलाकात की थी। इस मुलाकात के बाद ही अखिलेश लखनऊ वापस लौट रहे थे। कांग्रेस महासचिव और यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा भी लखनऊ आ रही थीं। प्रियंका शनिवार को बाराबंकी में कांग्रेस की प्रतिज्ञा यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगी।
बता दें कि 2017 में कांग्रेस और सपा ने एक साथ चुनाव लड़ा था। कांग्रेस को इस चुनाव में सिर्फ सात सीटों पर ही जीत मिली थी, जबकि सपा के 49 विधायक जीते थे। इसके बाद दोनों दलों का गठबंधन टूट गया था। इस बार अखिलेश कह चुके हैं कि वह किसी भी बड़े दल से गठबंधन नहीं करने वाले है। अखिलेश ने कहा कि हमने सारे प्रयोग कर लिए हैं, लेकिन इस बार सिर्फ छोटे दलों से गठबंधन होगा, लेकिन शुक्रवार की फोटो वायरल होने के बाद एक बार फिर से कयास लगाने जाने लगे हैं कि क्या दोनों दलों के बीच गठबंधन होगा?
वैसे अखिलेश पर प्रियंका लगातार हमलावर रहीं हैं। लखीमपुर खीरी हिंसा के बाद प्रियंका गांधी ने पहली बार अखिलेश यादव पर सीधे तौर पर निशाना साधा था। प्रियंका गांधी ने कहा था कि सपा बीजेपी के खिलाफ सड़कों पर नहीं उतरती है। हालांकि अखिलेश ने तुरंत जवाब देकर कहा था कि वे कमरे में रहती हैं,इसकारण उन्हें हमारा संघर्ष नहीं दिखता है।