
नई दिल्ली । राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने सोमवार को यहां हुए एक कार्यक्रम में महिला बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु को पद्म भूषण और महिला हॉकी टीम की कप्तान रानी रामपाल को पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित किया। सिंधु ने पिछले साल विश्व चैंपियनशिप जीती थी और वह यह उपलब्धि हासिल करने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी हैं। इसके अलावा साल 2016 में रियो में हुए ओलिंपिक में उन्होंने रजत जबकि 2020 टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीता था। सिंधु दो ओलंपिक पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला और दूसरी खिलाड़ी हैं।
वहीं रानी ने टोक्यो ओलंपिक में भारतीय महिला हॉकी टीम का नेतृत्व किया था। भारतीय महिला हॉकी टीम टोक्यो ओलंपिक में शानदार प्रदर्शन कर चौथे स्थान पर रही थी। ओलंपिक में भारतीय महिला हॉकी टीम का यह अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। इसके अलावा भारतीय क्रिकेटर जहीर खान, फुटबॉल खिलाड़ी बेमबेम देवी, पूर्व हॉकी खिलाड़ी एम पी गणेश, तीरंदाज तरुणदीप सिंह, ओलिंपिक मेडलिस्ट जीतू राय को भी को पद्म श्री अवॉर्ड जबकि महिला मुक्केबाज एमसी मैरीकॉम को पद्म विभूषण प्रदान किया गया।