
नई दिल्ली। कुछ लोगों के हौसले इतने बुलंद होते हैं कि वो खुले आम जिम और मेट्रो में भी मोबाइल से लड़कियों और महिलाओं के वीडियो बनाने लगे रहते हैं। हालांकि पकड़े जाने पर ऐसे मनचलों की जमकर पिटाई भी होती है। ताजा मामला एक जिम में सामने आया जहां एक युवक चोरी छिपे वर्कआउट कर रही युवती का वीडियो बना रहा था। भुक्तभोगी पीड़िता ने अपने सोशल मीडिया एकाउंट पर इस स्टोरी व वीडियो को साझा किया है। जिसे अबतक लाखों लोग देख चुके हैं।
वीडियो में युवती ने दिखाया है कि कैसे एक शख्स उसका वीडियो बना रहा है। युवती ने बताया कि वो खुद अपने वर्कआउट का वीडियो बना रही थी। वहां पर एक और शख्स भी था जो उसका वीडियो बना रहा था। युवती ने बताया कि उसे इस बात का तब पता चला जब उसने यह रिकॉर्डेड वीडियो बाद में अपनी कार में देखा। शख्स को ये नहीं पता था कि युवती के फोन में भी रिकॉर्डिंग ऑन है। वो इस बात से अंजान उसका वीडियो बनाता रहा। युवती ने कहा कि ऐसी मानसिकता के न जाने कितने लोग और होंगे जो ऐसा करते होंगे। वहीं इस वीडियो को 22 लाख से ज्यादा लोग देख चुके हैं। नेटिजंस इस मामले पर जबरदस्त रिएक्शंस दे रहे हैं।