
नई दिल्ली । नई दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में उपचाररत बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के स्वास्थ्य में सुधार देखा गया है। उनके स्वास्थ्य को लेकर उनके प्रशंसक और शुभचिंतक चिंतित हैं। बताया जा रहा है कि उन्हें बुखार व यूरिन में संक्रमण के कारण एम्स में भर्ती किया गया है। इसके अलावा उन्हें किडनी में पहले से परेशानी है।
राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव को बुखार की शिकायत होने पर शुक्रवार को दिल्ली के एम्स भर्ती कराया गया है। उनकी स्वास्थ्य स्थिति बेहतर है और तेजी से स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल चीफ लालू यादव का लंबे समय से इलाज चल रहा है। इस दौरान वह कई बार कई दिनों तक भर्ती भी हुए, लेकिन ठीक होने के बाद उन्हें छुट्टी भी मिलती रही है।
इसी साल मार्च महीने में लालू प्रसाद यादव को स्वास्थ्य समस्या होने पर भर्ती कराया गया था। यहां पर इलाज के दौरान कुछ दिनों में ही निमोनिया का इंफेक्शन भी लगभग खत्म हो गया। डाक्टरों के अनुसार, इलाज के कुछ समय बाद ही राजद सुप्रीमो खुद से खाना खाने लगे और इसके साथ ही हल्का-फुल्का चलने भी लगे थे।