
नई दिल्ली । तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो और बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी के विरोध में एक संयुक्त मोर्चा बनाने का आह्वान किया है। हालांकि, उन्होंने इस क्रम में कांग्रेस के साथ किसी भी गठबंधन का इनकार किया है। ममता ने सोमवार को कहा, "कांग्रेस अपने रास्ते जा सकती है, हम अपने रास्ते जाएंगे। टीएमसी ने गोवा में भाजपा से लड़ने के लिए विपक्षी दलों का एक संयुक्त मोर्चा बनाने का लक्ष्य रखा, लेकिन कांग्रेस से अलग हो गई। उन्होंने दावा किया कि किसी भी क्षेत्रीय दल का कांग्रेस के साथ सौहार्दपूर्ण संबंध नहीं है। उन्होंने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन और तेलंगाना के सीएम के चंद्रशेखर राव के साथ भी इस मुद्दे पर चर्चा की थी और सभी क्षेत्रीय दलों को संयुक्त रूप से भाजपा से लड़ने की आवश्यकता पर जोर दिया था। उन्होंने यह भी उम्मीद जताई कि अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव जीतेगी। ममता बनर्जी ने कहा, "भाजपा के नेतृत्व वाले केंद्र के शासन के दौरान देश के संघीय ढांचे को ध्वस्त कर दिया गया है। संविधान को ध्वस्त किया जा रहा है।" तमिलनाडु और तेलंगाना के मुख्यमंत्रियों के साथ चर्चा के दौरान ममता ने दिल्ली में विपक्षी मुख्यमंत्रियों की एक बैठक आयोजित करने की योजना पर चर्चा की। ममता देश भर में सभी क्षेत्रीय दलों के साथ गठबंधन बनाना चाहती हैं। ममता बनर्जी के साथ चर्चा के दौरान राव और स्टालिन ने गैर-भाजपा सरकारों वाले राज्यों में राज्यपालों द्वारा "सत्ता के दुरुपयोग" के बारे में भी बात की। उन्होंने कहा कि केसीआर के महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के साथ संयुक्त मंच पर चर्चा करने की संभावना है।