
बॉलीवुड अभिनेता अर्जुन कपूर इन दिनों फिटनेस पर कुछ ज्यादा ही ध्यान दे रहे हैं। ऐसा इसलिए कहा जा रहा है क्योंकि अर्जुन लगातार सोशल मीडिया पर वर्कआउट करते हुए नजर आते हैं। इन दिनों वो सोशल मीडिया पर वर्कआउट वाले फोटोज और वीडियो पोस्ट कुछ ज्यादा ही करने लग गए हैं। पिछले दिनों उनकी वर्कआउट की तस्वीरें वायरल हुई थीं, इसके बाद अब अर्जुन कपूर ने खुद ही एक्सरसाइज वीडियो को शेयर किया है। इस वीडियो में अर्जुन फिटनेस के लिए तमाम तरह की कोशिशें करते नजर आए हैं। दरअसल इस वीडियो में अर्जुन कपूर पूरे जोश के साथ ट्रेडमिल पर रनिंग करते देखे जा रहे हैं। इस वीडियो को देख फैन्स भी कहने लग गए हैं कि अर्जुन भी फिटनेस को लेकर सजग हो गए हैं। वैसे कुछ ने तो यहां तक कह दिया है कि यह असर मलाइका अरोड़ा का है, क्योंकि वो बॉलीवुड के सितारों में फिटनेस फ्रीक हैं और काफी समय से अर्जुन कपूर उनके साथ संबंध में हैं, ऐसे में यह तो होना ही था। जिस तरह से मलाइका को जिम या योगा क्लास के बाहर स्पॉट किया जाता रहा है वैसे ही अर्जुन ने खुद ही अपनी फिटनेस की तस्वीरें पोस्ट करनी शुरु कर दी हैं। इससे हटकर सूत्र बताते हैं कि अर्जुन इसलिए पसीना बहा रहे हैं क्योंकि उन्हें फिल्म पानीपत के लिए अपने आपको मेंटेन करना है। चूंकि अर्जुन फिल्म पानीपत में एक मराठा योद्धा की भूमिका निभाने जा रहे हैं, इसलिए उन्होंने जिम में घंटों पसीना बहाकर अपनी फिटनेस को योद्धा वाली बनाने में लगे हुए हैं। यही नहीं बल्कि फिल्म के किरदार में जान डालने के लिए अर्जुन ने घुड़सवारी और तलवारबाजी भी सीखी है। फिल्म की शूटिंग के दौरान अर्जुन घायल भी हुए थे, जिसकी जानकारी उन्होंने खुद ही दी थी। फिल्म पानीपत में अर्जुन कपूर के अलावा संजय दत्त और कृति सेनन भी अहम भूमिका में होंगे। फिल्म दिसंबर तक रिलीज होने की बात कही जा रही है।