YUV News Logo
YuvNews
Open in the YuvNews app
OPEN

फ़्लैश न्यूज़

वर्ल्ड

 दुबई में ईद के अवकाश के चलते हवाई टिकटों के दामों में इजाफा  -सबसे ज्यादा प्रभावित होंगे भारतीय

 दुबई में ईद के अवकाश के चलते हवाई टिकटों के दामों में इजाफा  -सबसे ज्यादा प्रभावित होंगे भारतीय

दुबई । यूएई में 1 से 5 मई तक के लिए मुस्लिमों के पवित्र त्योहार ईद उल-फ़ित्र के अवकाश की घोषणा हुई है, जिसके बाद अदिकांश लोग घूमने की योजना बना रहे हैं। इस कारण कई जगहों पर विमान के किराए में 40 से 60 फीसदी तक की वृद्धि हुई है। इस बढ़े किराए का सबसे ज्यादा बोझ भारतीयों पर पड़ने वाला है। भारत के साथ-साथ यूएई से पाकिस्तान, बांग्लादेश और नेपाल जाने वाले विमानों का किराया भी बढ़ा है। इन देशों के लिए फ्लाइट टिकट 25,000 से लेकर 42,000 रुपए तक है। सामान्य दिनों में यह किराया करीब 17-30 हजार रुपए तक होता है। वहीं फिलीपींस जैसी जगहों के लिए हवाई किराए की तुलना करें तो वह फरवरी और मार्च के महीने से भी कम है। इसके साथ ही श्रीलंका के लिए भी विमान का किराया बेहद कम है। डीरा ट्रैवल एंड टूरिस्ट एजेंसी के जीएम ने बताया कि श्रीलंका का किराया वहां जारी आर्थिक संकट के कारण कम है। उन्होंने कहा, "श्रीलंका को छोड़ कर लगभग सभी जगहों के किराए में 40 से 60 फीसदी की बढ़ोतरी देखने को मिली है। इस दौरान त्योहार भी हैं। पर्यटकों की आवाजाही लगभग महामारी से पहले के स्तर पर पहुंच गई है।" उन्होंने कहा, "यात्रियों की जितनी डिमांड है उतने विमान नहीं है, इस कारण टिकटों के दाम बढ़े हैं। ओमान और सऊदी अरब के लिए भी किराए बढ़े हैं। यूके और जॉर्जिया के टिकट के दाम भी बढ़े हैं।"
बढ़े किराए की बात करें तो दुबई से मुंबई के लिए 1 से 6 मई तक का किराया लगभग 28,500 रुपए है। वहीं, शारजाह से मुंबई का किराया 28,000 रुपए है। दुबई से कोच्चि का किराया करीब 42,000 रुपए है। ट्रैवेल एजेंट्स ने बताया कि दक्षिण भारतीय राज्यों जैसे केरल के लिए किराए बहुत ज्यादा हैं। ईद की छुट्टी के दौरान कोच्चि, कोझिकोड, कन्नूर और तिरुवनंतपुरम जैसे हवाई अड्डों के लिए टिकट करीब 40,000 रुपए से ऊपर है। दिल्ली, लखनऊ और कानपुर के लिए भी किराया ज्यादा है। पाकिस्तान के लिए विमान टिकटों के दाम भी बढ़े हैं। शारजाह से कराची के लिए टिकट का दाम 19460 भारतीय रुपया है। दुबई से कराची और लाहौर के लिए भी किराया लगभग 24 हजार से 26 हजार के करीब है।
 

Related Posts