YUV News Logo
YuvNews
Open in the YuvNews app
OPEN

फ़्लैश न्यूज़

वर्ल्ड

 दुनिया के 20 देशों में फैला हेपेटाइटिस, 228 बच्चोँ को चपेट में लिया  

 दुनिया के 20 देशों में फैला हेपेटाइटिस, 228 बच्चोँ को चपेट में लिया  

लंदन । यूरोप में बच्चों में तेजी से फैलने वाला अज्ञात किस्म का गंभीर हेपेटाइटिस अब दुनियाभर में फैलने लगा है। अब तक 12 देशों में इसके केस मिले थे, लेकिन हाल के दिनों में 8 अन्य देशों में भी इसके मामले रिपोर्ट किए गए हैं। डब्ल्यूएचओ ने इस बात की पुष्टि की है कि यह अब 20 देशों में फैल चुका है। पूरी दुनिया में 228 बच्चे इसके कारण बीमार हैं। 50 अन्य में लक्षण दिखें हैं और उनकी जांच होनी है। एक मौत की पुष्टि हो गई है, जबकि चार और संदिग्ध हैं। 
जबकि, 18 बच्चे ऐसे हैं जिन्हें लिवर ट्रांसप्लांट की जरूरत है। विशेषज्ञों का मानना है कि कई देशों में फैल चुकी यह बीमारी अब पीक पर है। कई देश अब इसे लेकर निगरानी बढ़ा रहे हैं। हेपेटाइटिस के ज्यादातर मामले यूरोप में देखने को मिले हैं, इसके बाद अमेरिका में ये पाए गए हैं। वैज्ञानिक बच्चों में बढ़ते इस बीमारी को लेकर हैरान हैं, क्योंकि कोई भी बीमार बच्चा सामान्य हेपेटाइटिस के वायरस से पॉजिटिव नहीं पाया गया है। 
माना जा रहा है कि नए तरह के हेपेटाइटिस के लिए एडेनोवायरस जिम्मेदार है। एडेनोवायरस, वायरस का एक बड़ा समूह है जो जानवरों के साथ-साथ मनुष्यों को बड़े पैमाने पर संक्रमित करते हैं। आमतौर पर इनके कारण सामान्य तौर पर सर्दी और पेट के कीड़े होते हैं। इस वायरस की कुछ प्रजातियां श्वसन जैसी बीमारियों का कारण बनती हैं, जिनमें बच्चों और शिशुओं में होने वाली क्रूप नामक बीमारी शामिल है।
डब्ल्यूएचओ प्रवक्ता तारिक जसारेविक ने कहा 1 मई तक 20 देशों से कम से कम 228 संभावित मामलों की सूचना मिली थी, जिनमें से 50 की जांच चल रही है। यूके में सबसे ज्यादा 145, अमेरिका में 20 मामले देखे गए हैं। पहले डब्ल्यूएचओ ने कहा था कि हेपेटाइटिस का ये अज्ञात वायरस आयरलैंड, स्पेन, फ्रांस, बेल्जियम, इटली, नीदरलैंड, इजराइल, डेनमार्क, नॉर्वे और रोमानिया में फैला है. 
वे कौन से देश हैं जहां नए मामले मिले हैं इसकी जानकारी नहीं दी गई, लेकिन कई और एजेंसियों ने बताया है कि ऑस्ट्रिया, पोलैंड, जर्मनी, जापान और कनाडा में नए मामले मिले हैं। वहीं, सिगापुर में 10 महीने के एक बच्चे को लेकर जांच की जा रही है। इंडोनेशिया की ओर से कहा गया है कि सोमवार को एक बच्चे की मौत हो गई।
 

Related Posts