YUV News Logo
YuvNews
Open in the YuvNews app
OPEN

फ़्लैश न्यूज़

नेशन

आर्थिक तंगी से जूझ रही रामायण फेम अशोक वाटिका, इस वजह से नहीं आ रहे भक्त

आर्थिक तंगी से जूझ रही रामायण फेम अशोक वाटिका, इस वजह से नहीं आ रहे भक्त

नई दिल्ली । श्रीलंका में आर्थिक संकट का असर द्वीप राष्ट्र में हर जगह दिखाई दे रहा है। हालात इस कदर खराब हैं कि धार्मिक स्थानों को भी तंगी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि तमाम राजनीतिक उठा पटक के बीच हालात सुधरने का नाम नहीं ले रहे हैं। श्रीलंका के नुवारा एलिया में स्थित रामायण फेम अशोक वाटिका आर्थिक तंगी का सामना कर रही है। अशोक वाटिका को सीता अम्मां मंदिर भी कहा जाता है। आर्थिक मंदी के बीच मंदिर प्रबंधन को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। रामायण में अशोक वाटिका का विशेष उल्लेख है कि कैसे रावण ने सीता मां को लाकर अशोक वाटिका में ही रखा था। मंदिर के अध्यक्ष और नुवारा एलिया सांसद वी राधाकृष्णन ने एक विशेष इंटरव्यू में, सीता माता मंदिर को चलाने के लिए मंदिर और उसके कर्मचारियों को कठिन समय का सामना करने पर बहुत गंभीर चिंता व्यक्त की। सीता मंदिर के अध्यक्ष वी राधाकृष्णन ने बताया, "अशोक वाटिका ने रामायण में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, और भारत से विशेष रूप से उत्तर भारत से कई भक्त यहां आते हैं लेकिन अब कोई नहीं आ रहा है। मंदिर को चलाना मुश्किल है क्योंकि इसका विकास भक्तों और पर्यटकों पर निर्भर है। कर्मचारियों को भी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आगे कहा, "पर्यटक अभी श्रीलंका जाने से डरते हैं।" एक टूर गाइड प्रमोद को 10 से अधिक वर्षों का अनुभव है। उन्होंने कहा कि उनके पास इतने लंबे समय से कोई आय नहीं है। वे कहते हैं, "मैंने पहले कभी सीता मंदिर को खाली नहीं देखा। लोग हर बार यहां पूजा करने आते थे लेकिन अब यहां कोई भक्त नहीं आता है। लोग आने से डरते हैं क्योंकि श्रीलंका भारी बिजली कटौती से पीड़ित है, डीजल-पेट्रोल और गैस नहीं है।" रिपोर्ट्स के मुताबिक श्रीलंका में होटल, रेस्टोरेंट जैसे कारोबार लगभग ठप हो गए हैं। एक स्थानीय ने बताया, "श्रीलंका में घूमने के लिए समुद्र, समुद्र तट और रामायण के इतिहास सहित कई जगहें हैं, लेकिन संकट के कारण लोग अब नहीं आ रहे हैं।" श्रीलंका के पूर्व प्रधान मंत्री महिंदा राजपक्षे द्वारा हिंसक घटनाओं के बाद पद छोड़ने के बाद रानिल विक्रमसिंघे ने श्रीलंका के 26 वें प्रधान मंत्री के रूप में शपथ ली। 
 

Related Posts