
फिल्म सेट पर मेगास्टार अमिताभ बच्चन के जानलेवा दुर्घटना का शिकार हुए 37 साल हो गए हैं। इस मौके पर अभिषेक बच्चन ने दोनों बच्चों के साथ बिग बी की एक पुरानी तस्वीर शेयर की है। अभिषेक ने इसे बिग बी का दूसरा बर्थडे बताते हुए उन्हें सोशल मीडिया पर विश किया है। 37 साल पहले फिल्म कुली के सेट पर एक ऐक्शन सीन के दौरान अमिताभ बच्चन को चोट लग गई थी। इस दुर्घटना में उनकी जान पर बन आई थी। इसके बाद 2 अगस्त को अस्पताल में उनका ऑपरेशन हुआ था। इस मौके पर अभिषेक ने अपने और बहन श्वेता के साथ उनकी एक तस्वीर शेयर की है। इसके कैप्शन में उन्होंने लिखा है, 37 साल पहले, ब्रीच कैंडी अस्पताल में। कुली के सेट पर हुई जानलेवा दुर्घटना से मेरे पापा रिकवर कर रहे थे। 2 अगस्त को हम उनका दूसरा बर्थडे मनाते हैं। आज ही के दिन डॉक्टर्स ने यह चमत्कार किया था और वह ठीक हो गए थे। अभिषेक ही नहीं कई फैन्स को भी अमिताभ का यह खास दिन याद था और उन्होंने सोशल मीडिया पर उन्हें विश किया। बिग बी ने भी ट्वीट करके फैन्स को शुक्रिया कहा। बिग बी ने लिखा, कई लोग हैं जो यह दिन प्यार और सम्मान के साथ याद रखते हैं। मैं सिर्फ इतना कह सकता हूं कि मैं खुशकिस्मत हूं कि ऐसे लोग मेरे साथ हैं। इसी प्यार के साथ मैं हर दिन जीता हूं। यह ऐसा कर्ज है जिसे मैं कभी नहीं चुका पाऊंगा।