YUV News Logo
YuvNews
Open in the YuvNews app
OPEN

फ़्लैश न्यूज़

नेशन

सीएम पद की शपथ लेने के साथ ही वह राज्य को सूखा मुक्त बनाएंगे : फडणवीस

सीएम पद की शपथ लेने के साथ ही वह राज्य को सूखा मुक्त बनाएंगे : फडणवीस

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि अगली बार उनकी सरकार बनी तो वे महाराष्ट्र को सूखा मुक्त बनाएंगे। महाराष्ट्र के विधानसभा चुनाव से पहले सीएम ने शुक्रवार को नागपुर जिले में भाजपा की महा जनादेश यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। सीएम फडणवीस ने यहां कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि जिन लोगों ने भी पीएम नरेंद्र मोदी का साथ छोड़ा है, उनका सत्यानाश हो गया है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी का साथ छोड़ने वाले किसी भी व्यक्ति को जनता माफ नहीं करती है।
एक महीने तक चलने वाली अपनी महाजनादेश यात्रा के क्रम में नागपुर पहुंचे देवेंद्र फडणवीस ने यहां कार्यकर्ताओं और समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा, 'जिसने छोड़ा मोदी का साथ, उसका हुआ सत्यानाश। नरेंद्र मोदी का साथ छोड़ने वाले को जनता कभी माफ नहीं करती है।' फडणवीस ने अपनी सरकार की उपलब्धियों की चर्चा करते हुए कहा कि अगर भाजपा को एक बार फिर महाराष्ट्र का जनादेश मिलता है तो इस बार की सरकार प्रदेश के विकास कार्यों से इसकी तस्वीर बदलने की दिशा में काम करेगी। इससे पूर्व महाराष्ट्र के अमरावती जिले के मोजारी में यात्रा की शुरुआत के दौरान मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गुरुवार को कहा कि वह पूर्ण बहुमत मिलने को लेकर आश्वस्त हैं। फडणवीस ने लोगों को यह भरोसा भी दिलाया कि अगली बार सीएम पद की शपथ लेने के साथ ही वह राज्य को सूखा मुक्त बनाएंगे।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि विदर्भ लंबे समय से सूखे से जूझता रहा है। हमारी पीढ़ी ने सूखा देखा है, लेकिन नई पीढ़ी सूखा नहीं देखेगी। उन्होंने कहा कि राज्य के सूखा मुक्त होने तक हम शांति से नहीं बैठेंगे। अगले पांच साल में नई सरकार युवकों को काम देगी। मुख्यमंत्री ने कहा, 'हमारी अगली सरकार की स्पर्धा देश के किसी राज्य से नहीं, बल्कि किसी विकासशील देश की अर्थव्यवस्था से होगी। कांग्रेस- एनसीपी सरकार ने जितना पिछले 15 साल में काम नहीं किया, उससे ज्यादा काम हमारी सरकार ने पांच साल में किया है।' दरअसल, महाराष्ट्र में फिर से सरकार बनाने के लिए फडणवीस सरकार द्वारा महाजनादेश यात्रा निकाली जा रही है। इस यात्रा का शुभारंभ करने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता और देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह अमरावती जिले के मोजारी पहुंचे थे। बता दें कि राज्य में इस वर्ष (2019) सितंबर-अक्टूबर महीने में विधानसभा चुनाव होने हैं। 

Related Posts