
देश की पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज का मंगलवार देर रात दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह 67 वर्ष की थीं। स्वराज भाजपा के कद्दावर और फायर ब्रांड नेताओं में गिनी जाती थीं। अपने सौम्य स्वभाव और ओजस्वी भाषणशैली की सहायता से उन्होंने भारतीय राजनीति में अपने लिए बिल्कुल अलग स्थान बनाया था। सुषमा स्वराज केंद्रीय मंत्री बनने से पहले दिल्ली की मुख्यमंत्री भी रही थीं। उनके निधन के साथ ही दिल्ली ने पिछले एक साल के भीतर अपने तीन मुख्यमंत्री खो दिए हैं।
गौरतलब है कि सुषमा अक्टूबर से दिसंबर 1998 तक दिल्ली की मुख्यमंत्री भी रही थीं। इससे पहले, पिछले माह 20 जुलाई को दिल का दौरा पड़ने से ही दिल्ली में तीन बार की मुख्यमंत्री रहीं शीला दीक्षित का भी निधन हो गया था। वह साल 1998 से 2013 तक लगातार 15 साल तक दिल्ली की मुख्यमंत्री रही थीं। इसके साथ ही, 1993 से लेकर 1996 तक दिल्ली के मुख्यमंत्री रहे मदन लाल खुराना का का भी निधन पिछले साल अक्टूबर में हो गया। दिल्ली के मुख्यमंत्री रहने के अलावा वह सन 2004 में राजस्थान के राज्यपाल भी बनाए गए थे। एक साल से भी कम समय के अंतराल में दिल्ली ने अपने तीन पूर्व मुख्यमंत्रियों को खो दिया।