
महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) भी एक बार फिर चुनावी रणनीति पर संघ के साथ सलाह मशविरा में लग गई है। भाजपा और संघ के कुछ प्रमुख नेताओं के बीच औरंगाबाद में एक बैठक हो रही है। दरअसल, महाराष्ट्र में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर हलचल तेज हो चुकी है। सभी राजनीतिक दल अपनी-अपनी रणनीति बनाने में जुट गए हैं। कांग्रेस ने एक ओर जहां महाराष्ट्र में लोगों को अपनी पार्टी से जोड़ने के लिए और कांग्रेस पार्टी में नई जान फूंकने की जुगत में बॉलीवुड का सहारा ले रही है। भाजपा और संघ की इस बैठक में कुछ अहम मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद बताई जा रही है। हालांकि संघ ने बैठक में राजनीतिक चर्चा से इनकार किया है।
ताजा जानकारी के मुताबिक औरंगाबाद के संघ के देवगिरी प्रांत के सदस्य और भाजपा के महाराष्ट्र के नेताओं की अहम बैठक चल रही है। इस महत्वपूर्ण बैठक में भाजपा की तरफ से महाराष्ट्र भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल, प्रदेश नेता और मंत्री गिरीश महाजन, पंकजा मुंडे, बननराव लोणीकर, संभाजी पाटिल निलंगेकर और केंद्रीय राज्य मंत्री रावसाहेब दानवे मौजूद हैं। बताया जा रहा है कि आने वाले महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव को देखते हुए संघ और भाजपा नेताओं की मीटिंग हो रही है। हालांकि संघ की तरफ से कहा जा रहा है कि इस मीटिंग में राजनीतिक चर्चा नहीं होगी बल्कि सामाजिक विषयों पर चर्चा होगी। महाराष्ट्र में कांग्रेस पार्टी ने एक स्कीम का ऐलान किया है जिसमें कांग्रेस आम लोगों को टिकटॉक वीडियो बना कर भेजने वालों को उर्मिला मातोंडकर, गोविंदा और दूसरी फिल्मी हस्तियों के साथ लंच और डिनर का ऑफर दे रही है। कांग्रेस के मुताबिक बस लोगों को सूबे के अलग-अलग मुद्दों पर टिकटॉक वीडियो बनाकर पार्टी को भेजना है और नायाब वीडियो बनाने वाला फिल्मी सितारों के साथ लंच और डिनर पार्टी का हकदार बनेगा। इस ऑफर का असर भी दिखाई दे रहा है कांग्रेस के पास तरह-तरह के टिक-टॉक वीडियो पहुंच रहे हैं।