
दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती पूर्व वित्त मंत्री और भाजपा नेता अरुण जेटली की हालत नाजुक बनी हुई है। शनिवार को उन्हें वेंटिलेटर से हटा कर एक्स्ट्राकॉरपोरेल मेम्ब्रेन ऑक्सीजनेशन (ईसीएमओ) और इंट्रा-ऑर्टिक बलून पंप (आईएबीपी) सपोर्ट पर रखा गया है। उन्हें डायलिसिस की जरूरत पड़ सकती है। इसके बाद से ही नेताओं-राजनेताओं के आने-जाने का सिलसिला जारी है। रविवार शाम करीब साढ़े छह बजे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह अरुण जेटली से मिलने एम्स पहुंचे। उनसे पहले दोपहर को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया भी अस्पताल गए थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज जेटली का हाल जानने एम्स जा सकते हैं। उनसे पहले रविवार सुबह संघ प्रमुख मोहन भागवत भी एम्स पहुंचे थे और एम्स के कार्डिएक न्यूरो सेंटर में भर्ती पूर्व वित्त मंत्री के परिजनों से मुलाकात की। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और राम विलास पासवान सहित कई नेता भी जेटली के स्वास्थ्य की जानकारी लेने के लिए रविवार को एम्स गये। उनके अलावा अस्पताल जाने वालों में हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कलराज मिश्रा, आरएसएस संयुक्त महासचिव डॉ कृष्ण गोपाल और समाजवादी पार्टी के पूर्व नेता अमर सिंह भी शामिल हैं।