
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अनुच्छेद-370 के तहत जम्मू-कश्मीर को मिले विशेष दर्जे को खत्म करने के केंद्र के फैसले के लिए रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह की तुलना भगवान कृष्ण और अर्जुन से की। इसके साथ ही उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू को जम्मू-कश्मीर के हालातों के लिए जिम्मेदार ठहराया। कहा कि नेहरू ने शेख अब्दुल्ला को खुश करने के लिए धारा 370 को शामिल किया था। पार्टी कार्यकर्ता सम्मेलन के लिए गोवा पहुंचे चौहान ने कहा कि नेहरू युद्ध के बाद पाकिस्तान के कब्जे वाला कश्मीर (पीओके) बनाने के लिए जिम्मेदार हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जब भारतीय सशस्त्र बल पाकिस्तानी सैनिकों को पीछे धकेल रहे थे, तभी नेहरू ने एकतरफा संघर्ष विराम का ऐलान कर दिया और पीओके उनके कब्जे में रह गया, नहीं तो वह भारत का अभिन्न हिस्सा बन चुका होता।