YUV News Logo
YuvNews
Open in the YuvNews app
OPEN

फ़्लैश न्यूज़

नेशन

60 साल बाद 28 को गुजरात में होगी कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक -कांग्रेस महासचिव प्रियंका पहली बार लेंगी सीडब्ल्यूसी बैठक में हिस्सा

60 साल बाद 28 को गुजरात में होगी कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक  -कांग्रेस महासचिव प्रियंका पहली बार लेंगी सीडब्ल्यूसी बैठक में हिस्सा

कांग्रेस कार्यसमिति की अगली बैठक (सीडब्ल्यूसी) अहमदाबाद में 28 फरवरी को रखी गई है। इस बीच कांग्रेस ने अपने चुनावी घोषणा पत्र को भी अंतिम रुप दे दिया है। उम्मीद है कांग्रेस के चुनावी घोषणा पत्र को सीडब्ल्यूसी की बैठक में रखा जाएगा और कुछ और सुझावों के साथ इसे इसी दिन जारी भी किया जा सकता है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने इस बार सीडब्ल्यूसी की बैठक का आयोजन जानबूझकर अहमदाबाद में रखा है। इसके साथ ही यहां एक जनसभा का भी आयोजन किया जाएगा। सीडब्ल्यूसी बैठक में कांग्रेस की नवनियुक्त महासचिव प्रियंका वाड्रा पहली बार हिस्सा ले रही हैं।
लखनऊ में मेगा रोडशो और फिर मैराथन बैठक के जरिए जमीनी कार्यकर्ताओं से रूबरू होने के बाद प्रियंका अब अहमदाबाद में जनसभा करने जा रहीं हैं। उनकी पहली जनसभा गुजरात में भाई और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ 28 फरवरी को होगी। गुजरात पीएम नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह का गृहराज्य है इस लिए स्वाभाविक रूप से जनसभा में उनके निशाने पर यही दोनों रहने वाले हैं। 
कार्यसमिति की बैठक के बाद अडालज के त्रिमंदिर मैदान में जनसभा का आयोजन किया जाएगा। सीडब्ल्यूसी की 51वीं महारैली अगले दिनों होने वाले आम चुनाव से ठीक पहले प्रस्तावित की गई है। इसमें पार्टी की लोकसभा चुनावों में रणनीतियों और तैयारियों पर मुख्य ध्यान दिया जाएगा। सीडब्ल्यूसी बैठक गुजरात में 60 सालों के बाद हो रही है। बैठक में राहुल गांधी, संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व पीएम मनमोहन सिंह, कांग्रेस के संसदीय दल के नेता मल्लिर्जुन खड़गे, राज्यसभा में विपक्ष के नेता गुलाम नबी आजाद और प्रियंका गांधी के साथ कई अन्य वरिष्ठ नेता चुनावी तैयारियों पर चर्चा करेंगे। जनसभा को प्रियंका और राहुल के अतिरिक्त सोनिया गांधी भी संबोधित करेंगी। सोनिया ने इससे पहले पिछले साल नवंबर में तेलंगाना में विधानसभा चुनाव में जनसभा को संबोधित किया था।
अडालज रैली से पहले राहुल गांधी ने 14 फरवरी को वलसाड जिले के आदिवासी लाल डूंगरी गांव में जनसभा की थी। इसी गांव में उनकी दादी इंदिरा गांधी ने 1980 में, उनके पिता राजीव गांधी ने 1984 में और उनकी मां सोनिया गांधी ने 2004 में चुनाव अभियान की शुरुआत कर सत्ता हासिल की थी।गुजरात में कांग्रेस विधायक और पार्टी प्रवक्ता शक्तिसिंह गोहिल ने कहा कि अडालज जनसभा हालिया समय की सबसे विशाल जनसभा होगी।
गोहिल ने कहा गुजरात के इतिहास की सबसे विशाल रैली के लिए तैयारियां जोरों पर जारी हैं। गुजरात में जहां एक तरफ मोदी और भाजपा के खिलाफ नाराजगी स्पष्ट दिख रही है। वहीं जनता और कांग्रेस पार्टी कैडरों का उत्साह सातवें आसमान पर है। उन्होंने कहा पहली बार गुजरात की जनता राहुल गांधी, सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी को एक मंच पर देखेगी। 

Related Posts