
नेटफ्लिक्स की आगामी फिल्म 'द व्हाइट टाइगर' में पहली बार अभिनेता राजकुमार राव और अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा एक साथ नजर आएंगें। यह अरविंद अडिगा की किताब 'द व्हाइट टाइगर' से प्रेरित है। इसमें नवोदित कलाकार आदर्श गौरव भी नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन रामिन बहरानी करेंगे। इसकी शूटिंग भारत में इस साल के अंत में शुरू होगी। प्रियंका और राजकुमार दोनों महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखाई देंगे। प्रियंका ने कहा, "अरविंद अडिगा की मार्मिक कहानी को पर्दे पर लाने लिए मैं रामिन बहारानी और नेटफ्लिक्स के साथ काम करने के लिए बहुत रोमांचित हूं। जब मैंने किताब पढ़ी, तो मैं इसकी कहानी से बहुत प्रभावित हुई।" उन्होंने कहा कि वह भारत में फिल्म की शूटिंग करने और राजकुमार राव के साथ पहली बार काम करने को लेकर उत्सुक हैं।