YUV News Logo
YuvNews
Open in the YuvNews app
OPEN

फ़्लैश न्यूज़

नेशन

जो वचन दिया उसे पूरा किया : कमलनाथ - मुख्यमंत्री कमलनाथ ने किसान फसल ऋण माफी की रतलाम जिले से की शुरुआत

जो वचन दिया उसे पूरा किया : कमलनाथ - मुख्यमंत्री कमलनाथ ने किसान फसल ऋण माफी की रतलाम जिले से की शुरुआत

आज मध्यप्रदेश का ऐतिहासिक दिन है। हमने आज से 56 दिन पूर्व किसानों के फसल ऋण माफी की जो घोषणा की थी, उसे आज पूरा कर दिया है। आज से रतलाम जिले से किसानों के खाते में फसल ऋण माफी की राशि अंतरित होना प्रारंभ हो गई है तथा शीघ्र ही सभी के खातों में यह राशि पहुँच जाएगी। हम सब मिलकर प्रदेश के विकास का नया नक्शा बनायेंगे तथा प्रदेश का तीव्र गति से विकास करेंगे। 
मुख्यमंत्री कमलनाथ ने आज शुक्रवार को रतलाम में जय किसान फसल ऋण माफी योजना के प्रमाण पत्र वितरण कार्यक्रम में ये विचार प्रकट किए।  इस अवसर पर क्षेत्रीय सांसद कांतिलाल भूरिया, प्रभारी मंत्री सचिन सुभाष यादव, विधायक हर्षविजय गेहलोत सैलाना, मनोज चावला आलोट, वीरसिंह भूरिया थांदला, के.के.सिंह, राजेश भरावा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष डी.पी.धाकड़, विनोद मिश्रा, डॉ.विक्रांत भूरिया, नेता प्रतिपक्ष श्रीमती यास्मीन शेरानी, पूर्व विधायक पारस सकलेचा, श्रीमती लक्ष्मी खराड़ी, श्रीमती प्रेमलता दवे, श्री राठौर, जगदीश पाटीदार, सरपंच संघ अध्यक्ष अभिषेक शर्मा, प्रमोद गुगलिया, हामिद काजी, निजाम काजी, मंसूरअली पटौदी एवं अन्य जनप्रतिनिधिगण  उपस्थित थे। 

हम सालों में नहीं दिनों और हफ्तों में विकास करते हैं
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि हम सालों में नहीं, दिनों और हफ्तों में विकास करते हैं। हम घोषणाओं और ज्ञापनों में विश्वास नहीं करते वरन काम करने में भरोसा करते हैं। मध्य प्रदेश सरकार प्रदेश के लगभग 50 लाख किसानों का कर्जा माफ कर रही है, जो कि इतने कम समय में किये जाने वाला अभूतपूर्व कार्य है। 

सबसे बड़ी चुनौती कृषि क्षेत्र
मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि सरकार के सामने सबसे बड़ी चुनौती कृषि क्षेत्र का विकास एवं किसानों का कल्याण है। जब तक हमारा किसान मजबूत नहीं होगा, हम मजबूत नहीं होंगे। सरकार किसानों की तरक्की के लिए हर संभव कार्य करेगी।  

हर हाथ को मिलेगा रोजगार
प्रदेश सरकार के सामने आज दूसरी बड़ी चुनौती बेरोजगारी है। हम हर हाथ हो काम दिलायेंगे। प्रदेश में आज से मुख्यमंत्री युवा स्वाभिमान योजना का शुभारंभ किया गया है। जिसके अंतर्गत हर शहरी युवा को वर्ष में 100 दिन का रोजगार दिलाया जाएगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि मध्य प्रदेश में नया औद्योगिक निवेश आएगा तथा बेरोजगारी दूर होगी। 

40 हजार से ज्यादा किसानों के 134 करोड़ से अधिक की राशि के कर्ज माफ
मुख्यमंत्री कमलनाथ ने रतलाम जिले के नामली मे आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में जय किसान फसल ऋण माफी योजना के तहत किसानों को लाभ वितरण का शुभारंभ किया। प्रथम चरण में रतलाम जिले के 40 हजार से भी अधिक किसानों  के 134 करोड़ रु की राशि के कर्ज माफ किए गए हैं। इसमें रतलाम तहसील के 9500 किसानों के 41 करोड़ रु. के कर्ज माफ हुए हैं। मुख्यमंत्री कमलनाथ ने नामली में किसान बाबूलाल भैरुलाल राठौर को 01 लाख 95 हजार 447 रुपये, रमेशचन्द्र बाबूलाल नामली को 01 लाख 81 हजार 429, नाथूलाल हर जी सेमलिया को 01 लाख 04 हजार 183 रु. श्रीमती यशोदाबाई भरतलाल जाट को 96 हजार 773 रु. एवं श्रीमती संगीता जाट नामली को 01 लाख 92 हजार, शांतिलाल वरदाजी कलमोड़ा को 47 हजार 669 रु. जुझारसिंह किशनलाल बरखेड़ाकला को 58 हजार 781 रु. दिनेश बाबूलाल बड़ावदा को 46 हजार 37 रु. जीवणा रोडा जी पाटड़ी को 40 हजार और बालाराम माना जी कालूखेड़ा को 30हजार 887 रु की राशि के ऋण माफी प्रमाण पत्र प्रतीक स्वरुप प्रदान किए।  मुख्यमंत्री कन्या विवाह-निकाह योजना के तहत हितग्राहियों और कृषि विस्तार सुधार कार्यक्रम के तहत सर्वोत्तम कृषक पुरस्कार भी वितरित किए गए।

मुख्यमंत्री द्वारा 197 करोड़ के निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास
मुख्यमंत्री कमलनाथ द्वारा शुक्रवार को नामली में विभिन्न विभागों के लगभग 197 करोड़ लागत के 30 निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री द्वारा 57.81 करोड़ लागत के 12 निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं 139.18 करोड़  लागत के 18 निर्माण कार्यों का शिलान्यास भी किया।  

Related Posts