
सोने-चांदी की कीमतें एक महीने के शीर्ष स्तर पर पहुंचीं
दिल्ली सर्राफा बाजार में बुधवार को सोना 525 रुपए उछलकर एक महीने के शीर्ष स्तर 39,795 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया है। वहीं चांदी भी दो दिन की नरमी से उबरकर 800 रुपए की छलांग लगाने के साथ ही करीब एक महीने के शीर्ष स्तर 46,400 रुपए प्रति किलोग्राम पहुंच गयी है। वहीं विदेशों में सोना 7 नवंबर के बाद के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया है जिससे आज स्थानीय बाजार खुलते ही इसके दाम ऊपर आ गये। लंदन एवं न्यूयॉर्क से मिली जानकारी के अनुसार, गत दिवस की तेजी के बाद आज सोने के भाव में मामूली गिरावट देखी गई। सोना हाजिर 0.90 डॉलर टूटकर 1,475.25 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। फरवरी का अमेरिकी सोना वायदा 3.20 डॉलर की गिरावट में 1,481.20 डॉलर प्रति औंस पहुंच गया। बाजार विश्लेषकों के अनुसार अमेरिका और चीन के बीच व्यापार युद्ध पर समझौते में देरी के संकेत से निवेशकों ने सोने की ओर रुख किया है। इसके बाद सोने में तेजी देखी गई। वहीं अंतररष्ट्रीय बाजार में चांदी हाजिर 17.12 डॉलर प्रति औंस पर स्थिर रही।