
मंत्री रिजिजू ने रिपु दमन बेवली को भारत का प्लॉगिंग दूत बनाया
फिट इंडिया प्लॉगिंग रन की शुरूआत 2 अक्टूबर, 2019 को हुई थी और वह आज दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में समाप्त हो गई। इस दौरान देश के 50 देशों से होकर फिट इंडिया प्लॉगिंग रन गुजरी। समापन आयोजन के अवसर पर युवा मामलों एवं खेल राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) किरेन रिजिजू ने रिपु दमन बेवली का स्वागत किया। उल्लेखनीय है कि बेवली को प्लॉगमैन ऑफ इंडिया का नाम दिया जाएगा। उन्हें रिजिजू ने भारत का प्लॉगिंग दूत घोषित किया। रिजिजू ने देशव्यापी प्लॉगिंग दूत अभियान की शुरूआत भी की, जिसके तहत जो भारतीय दौड़ते हुए अपने शहरों, नगरों और जिलों को स्वच्छ बना रहे हैं, उन्हें अपने क्षेत्रों का प्लॉगिंग दूत नामित किया है। प्लॉग रन एक अनोखी दौड़ है, जिसमें दौड़ते हुए सफाई की जाती है। इसे फिट इंडिया आंदोलन में शामिल किया है। इसके तहत स्वच्छता के साथ फिटनेस को भी प्रोत्साहन दिया जाता है। बेवली ने 2017 में प्लॉगिंग शुरू की थी। इसका उद्देश्य भारत को स्वच्छ और निर्मल बनाना है। बेवली और उनके दल ने लगभग दो महीने के दौरान 1,000 किलोमीटर की दौड़ पूरी की और 50 शहरों को स्वच्छ बनाया। इस दौरान उन्होंने 2.7 टन कचरा जमा किया। मंत्री रिजिजू ने कहा कि प्लॉग दौड़ एक अनोखी चीज है, जो भारत में शुरू हुई है। मैं इसमें अग्रणी भूमिका निभाने के लिए रिपु दमन को धन्यवाद देता हूं। मैं मानता हूं कि सफाई हर व्यक्ति का दायित्व है और प्लॉगिंग दौड़ के प्रति युवा आकर्षित हो रहे हैं। इसके तहत आप जॉगिंग करते हुए सफाई का काम करते हैं। इसलिए आप अपनी फिटनेस पर भी ध्यान देते हैं और अपने आस-पास के इलाके को स्वच्छ भी बनाते हैं। प्लॉगिंग दौड़ में फिट इंडिया आंदोलन और स्वच्छ भारत अभियान भी शामिल है।