
सोना और चांदी शीर्ष स्तर पर पहुंचा
दिल्ली सर्राफा बाजार में गुरुवार को सोना-चांदी साढ़े सात सप्ताह के शीर्ष स्तर पर पहुंच गए। बाजार जानकारों के अनुसार सोना लगातार दूसरे दिन मजबूत हुआ और 350 रुपए उछलकर 40,070 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। यह नवंबर के बाद पहला अवसर है जब सोना 40 हजार के पार पहुंचा है। वहीं चांदी में भी तेजी आयी है। यह 350 रुपए की मजबूती के साथ 47,930 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई जो 4 नवंबर के बाद का सबसे अधिक स्तर है।
दुनिया भर के बाजार में रही तेजी से भी सोने-चांदी के दाम ऊपर आये हैं। लंदन एवं न्यूयॉर्क से मिली जानकारी के अनुसार, सोना हाजिर 6.35 डॉलर की बढ़त में 1,504.1 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया जो 5 नवंबर के बाद का सबसे अधिक स्तर है। वहीं फरवरी का अमेरिकी सोना वायदा भी 4.20 डॉलर की तेजी के साथ 1,509 डॉलर प्रति औंस बोला गया। चांदी हाजिर भी 0.20 डॉलर की तेजी के साथ 17.93 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।