
केजरीवाल के विरुद्ध सुनील यादव को भाजपा बदल सकती है, हो रहा पुनर्विचार
दिल्ली विधानसभा चुनाव भारतीय जनता पार्टी ने प्रत्याशियों के नामों की दूसरी सूची जारी कर दी थी। इस सूची के अनुसार नई दिल्ली सीट से भाजपा ने दिल्ली इकाई के युवा मोर्चा के अध्यक्ष सुनील यादव को प्रत्याशी बनाया है। हालांकि अब पार्टी अपना उम्मीदवार बदल सकती है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक दिल्ली भाजपा इकाई नई दिल्ली सीट से उम्मीदवार बदलने पर विचार कर रही है। सूत्रों ने बताया कि फिलहाल दिल्ली भाजपा इकाई में नई दिल्ली उम्मीदवार को लेकर दो फाड़ हो गई है। माना जा रहा है कि पूर्वांचल के दूसरे किसी नेता को पार्टी जल्द ही उतार सकती है क्योंकि 21 जनवरी दिन मंगलवार नामांकन का आखिरी दिन है। सूत्र ने बताया कि सुनील यादव को उम्मीदवार बनाए जाने को लेकर नेताओं ने कहा कि इससे अरविंद केजरीवाल को फायदा हो सकता है इसलिए पार्टी की दिल्ली इकाई पुनर्विचार कर रही है। हालांकि इस मामले में अभी तक कोई औपचारिक घोषणा नहीं हुई है। फिलहाल सभी की निगाहें दिल्ली भाजपा इकाई पर बनी हुई है।