
शाहीनबाग में वेमुला-जुनैद की मां ने फहराया तिरंगा
नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ शाहीनबाग में प्रदर्शन गणतंत्र दिवस पर 42वें दिन भी जारी रहा। इस दौरान रोहित वेमुला की मां राधिका और जुनैद (ट्रेन में भीड़ हिंसा का शिकार) की मां ने तिरंगा फहराया गया है। शाहीनबाग में ध्वजारोहण से पहले सड़क पर लोगों का हुजूम जुट गया। तकरीबन 12 बजे रोहित वेमुला और जुनैद की मां ने ध्वजारोहण किया है। इस दौरान प्रदर्शन कर रहीं तीनों बुजुर्ग महिलाएं असमा खातून, बिलकिश और सरवरी भी साथ रहीं। इसके बाद राष्ट्रगान गाकर प्रदर्शनकारियों ने सीएए वापस लेने की अपील की। शाहीनबाग में गणतंत्र दिवस जश्न की शुरुआत शनिवार आधी रात से ही हो गई थी। प्रदर्शनस्थल पर रात को संविधान की प्रस्तावना पढ़ी गई तो रविवार दोपहर सड़क पर तिरंगा फहराया गया। प्रदर्शनस्थल से थोड़ी दूर स्थित पैदल पार पथ के पास झंडारोहण की व्यवस्था की गई थी। इसे विशेष तौर पर फूलों से सजाया गया था। शाहीनबाग में सीएए के खिलाफ चल रहे प्रदर्शन में देशविरोधी बयान देने के आरोप में जेएनयू छात्र शरजील पर रविवार को दिल्ली में भी राजद्रोह का मामला दर्ज कर लिया गया। इसके अलावा अरुणाचल प्रदेश और मणिपुर में भी मामला दर्ज किया गया है। इससे पहले अलीगढ़ और असम में मुकदमा दर्ज हो चुका है।