
जगह बताइए, मैं आऊंगा, मुझे मारिए गोली, औवैसी ने अनुराग को दी चुनौती
भारतीय जनता पार्टी नेता (भाजपा) अनुराग ठाकुर के विवादित बयान पर विपक्ष उन पर हमलावर हो गया है। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) अध्यक्ष और हैदराबाद सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने मुंबई में एक कार्यक्रम में केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री अनुराग ठाकुर को चुनौती दी कि वह देश का कोई स्थान बताएं, मैं वहां जाऊंगा, वह मुझे गोलीमार कर दिखाएं। नागपाड़ा के झूला मैदान में वॉइस ऑफ इंडिया की तरफ से आयोजित कार्यक्रम में ओवैसी ने कहा मैं आपको चुनौती देता हूं अनुराग ठाकुर, आप देश में कोई जगह बताएं जहां आप मुझे शूट करेंगे और मैं आने के लिए तैयार हूं। आपके बयान मेरे दिल में डर नहीं पैदा करते हैं, क्योंकि हमारी माताएं-बहनें बड़ी संख्या में सड़कों पर उतरी हैं। उन्होंने देश को बचाने का फैसला किया है। उन्होंने कहा यह वतन को बचाने और गांधी के उसूलों को जिंदा रखने की लड़ाई है।
उन्होंने कहा आज हमें भाजपा छोड़ो का नारा लगाना पड़ेगा। सीएए भारत के संसदीय लोकतंत्र के लिए बदनुमा और काला कानून है। उन्होंने कहा जान लीजिए कि ये महिलाएं संविधान को बचाने और गांधी-आंबेडकर की सोच को बरकरार रखने के लिए सड़क पर उतरी हैं। हमने जिन्ना के पैगाम को ठुकराया है। मोदी मुल्क की खूबसूरती को खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि चुनाव आयोग ने ठाकुर को उनकी हालिया विवादित नारेबाजी को लेकर कारण बताओ नोटिस जारी किया है। आयोग ने ठाकुर को विवादित नारा लगवाने पर कारण बताओ नोटिस देकर उनसे जवाब मांगा है। उन्हें इसके लिए 30 जनवरी के दोपहर 12 बजे तक का वक्त दिया है।