
दिल्ली चुनाव: कीचड़ में कमल खिला रहे भाजपा प्रत्याशी
दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार जोरशोर से चल रहा है। ऐसे में प्रत्याशी विरोधी दलों की खामियों को सामने लाने के लिए भी अनोखे तरीके अपना रहे हैं। विकासपुरी से भाजपा प्रत्याशी संजय सिंह ने अपने क्षेत्र की गलियों के कीचड़ में कमल खिलाकर प्रचार किया। पश्चिमी दिल्ली की विकासपुरी विधानसभा से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी संजय सिंह ने क्षेत्र की समस्याओं को ही अपने प्रचार का तरीका बना लिया है। गौरतलब है कि पूरे विकासपुरी विधानसभा में सड़कों और गलियों की हालत खराब है और बरसात होते ही पूरे इलाके में कीचड़ ही कीचड़ फैल जाता है। मंगलवार को बारिश के बाद गलियों में फिर कीचड़ हो गया। ऐसे में प्रत्याशी ने कार्यकर्ताओं के साथ कीचड़ में कमल के फूल रोपने शुरू कर दिए। उनके इस अनोखे प्रचार का तरीका देखकर जनता भी आकर्षित हुई। संजय सिंह ने यहां पर केजरीवाल सरकार को घेरा। बता दें कि बुधवार को नजफगढ़ में गृह मंत्री अमित शाह ने भी रैली की और कहा कि केजरीवाल के झूठे वादों का पर्दाफाश हो गया है।