
शाहीन बाग अब आंदोलन नहीं रह गया, यहां सूइसाइड बॉम्बर बना रहे हैं: गिरिराज
दिल्ली के शाहीन बाग में नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ लंबे समय से प्रदर्शन चल रहा है। इसी प्रदर्शन का एक कथित विडियो केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने अपने ट्विटर अकाउंट से शेयर किया है। इस विडियो में प्रदर्शनकारी महिला कहते हुए नजर आ रही हैं कि हमें डराओ मत, हमारी शुरुआत सिर कटाने से होती है। विडियो को शेयर करते हुए गिरिराज सिंह ने कहा है कि यह शाहीन बाग अब सिर्फ आंदोलन नहीं रह गया है, यहां सूइसाइड बॉम्बर का जत्था बनाया जा रहा है। देश की राजधानी में देश के खिलाफ साजिश हो रही है। विडियो में एक महिला को यह कहते हुए सुना जा सकता है, बता देना हम मुसलमानों ने लोरी नहीं सुनाई, अपने बच्चों को हमने ट्विंकल-ट्विंकल नहीं पढ़ाया। हमने अपने बच्चों को बचपन से करबला का वाकया सुनाया है। करबला के नादाद में सिर्फ मर्दों ने नहीं बल्कि औरतों ने भी कुर्बानी दी थी...हमें डराओ मत, हमारी शुरुआत सिर कटाने से होती है। यही नहीं विडियो में यह भी कहा गया, इमाम-ए-हुसैन ने बता दिया था कि यह मत सोचना कि यजीद सिर्फ अभी है, यजीद कयामत तक आएगा और सुन लो मुसलमानों तुम्हें अपने बच्चों को हुसैन बनाकर पेश करना पड़ेगा। हिम्मत चाहिए तो करबला को याद करके बैठे रखना। तुम अगर नागरिकता सबको दे रहे हो तो हिंदुस्तान के मुसलमानों को भी नागरिकता दो। हम मोहताज नहीं है, हमें साबित करने की जरूरत नहीं है। करोड़ों की कमाई जो इंडिया में होती है हमारे पुरखों की बनाई इमारतों से होती है। ताजमहल देख लो, कुतुबमीनार देख लो, हमारे पुरखों ने बनवाई है।