
दिल्ली में भाजपा की लहर दिख रही है, इसलिए केजरीवाल हनुमान चालीसा पढ़ने लगे: शिवराज
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवराज सिंह चैहान ने कहा कि केजरीवाल ने 5 साल में दिल्ली को तबाह और बर्बाद कर दिया लेकिन अब स्पष्ट रूप से भाजपा की लहर दिख रही है, इसलिए केजरीवाल भी आजकल हनुमान चालीसा पढ़ने लगे हैं। दिल्ली के विकास और जनता के कल्याण के लिए लोग भारतीय जनता पार्टी को भारी मतों से विजयी बनायेंगे। केजरीवाल और उनकी पार्टी के नेता दिल्ली की फिजा खराब करने और मुस्लिम वोट लेने के लिए गोलियां चलवा रहे और बदनाम भाजपा को कर रहे हैं।
शिवराज सिंह चैहान ने कहा कि धार्मिक आधार पर पाकिस्तान से प्रताड़ित होकर भारत आने वाले हिन्दू, बौद्ध, सिख, जैन भाई-बहनों को भारत की नागरिकता दी जायेगी। भाजपा नारा लगाती थी कि राम लला हम आयेंगे, मंदिर वहीं बनायेंगे तो कांग्रेस वाले मजाक उड़ाते हुए कहते थे कि लेकिन तारीख नहीं बतायेंगे लेकिन अब अप्रैल महीने से राम मंदिर के निर्माण का कार्य प्रारम्भ हो जायेगा। मोदी जी के नेतृत्व में भारत सरकार ने अनेक जनहितकारी निर्णय लिए जिससे गरीब व पिछड़े नागरिकों के जीवनस्तर में बुनियादी बदलाव आया, अब बारी दिल्ली की है। दिल्ली की जनता को जिस विकास की दरकार है, वह दिल्ली भाजपा ही करेगी।