
दिल्ली में 70 में से 63 सीटों पर कांग्रेस उम्मीदवारों की जमानत जब्त
दिल्ली विधानसभा चुनाव में कई दिग्गज नेताओं को उतारने के बावजूद 70 में से 63 सीटों पर कांग्रेस उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई। इसके बावजूद पंजाब सरकार में मंत्री साधु सिंह धर्मसोत ने कहा है कि दिल्ली में कांग्रेस हारी नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस तो पहले भी शून्य पर थी, अब भी शून्य पर है लेकिन यह भाजपा की हार है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता साधु सिंह धर्मसोत ने दिल्ली विधानसभा चुनावों के रुझान पर कहा, 'हम पहले शून्य थे और अब भी शून्य हैं। इसलिए यह हमारी हार नहीं है। यह बीजेपी की हार है।' आपको बता दें कि 70 सीटों में से कांग्रेस को एक भी सीट पर जीत हासिल नहीं हुई। आम आदमी पार्टी को 62 और भारतीय जनता पार्टी को 8 सीटें मिलीं। वहीं, 2015 का प्रदर्शन दोहराते हुए कांग्रेस एक बार फिर से शून्य पर ही रह गई।
पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता हरपाल सिंह चीमा ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में आप के प्रदर्शन को नफरत और गंदी राजनीति पर विकास के अजेंडे की जीत करार दिया। आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब की 117 सदस्यीय विधानसभा में 19 विधायकों के साथ दूसरी सबसे बड़ी पार्टी है। चीमा ने ट्वीट किया, 'आम आदमी पार्टी के पक्ष में इस भारी जनादेश के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं और दिल्ली के लोगों को बधाई। यह नफरत और गंदी राजनीति पर विकास के अजेंडे की जीत है।